दुर्गा पूजा पंडालों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस की निगरानी, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील
ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बलरामपुर पुलिस ने थाना कोतवाली गैसड़ी क्षेत्र में पुलिस बल के साथ भव्य फ्लैग मार्च किया। इस दौरान प्रमुख बाजारों, दुर्गा पूजा पंडालों के आसपास और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया। पुलिस ने आमजन एवं व्यापारियों से संवाद कर त्योहार को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर अभय प्रताप मल्ल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक थाना कोतवाली गैसड़ी राजकुमार पाण्डेय के नेतृत्व में यह फ्लैग मार्च आयोजित किया गया।
मुख्य बाजार से संवेदनशील क्षेत्रों तक निकला फ्लैग मार्च
फ्लैग मार्च थाना कोतवाली गैसड़ी परिसर से शुरू होकर मुख्य बाजार गैसड़ी, विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों के आसपास, मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील क्षेत्रों, प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन रोड से होकर गुजरा। इसके बाद फ्लैग मार्च वापस थाना परिसर में समाप्त हुआ।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों से उनकी समस्याओं तथा बेहतर व्यवस्था के लिए सुझाव भी लिए। साथ ही लोगों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
पंडालों और मेला स्थलों पर रहेगी विशेष निगरानी
फ्लैग मार्च का उद्देश्य नवरात्रि के दौरान स्थापित होने वाले दुर्गा पूजा पंडालों एवं मेला स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेना, श्रद्धालुओं और व्यापारियों में सुरक्षा की भावना मजबूत करना तथा अराजक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखना रहा। इसके साथ ही यातायात व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों का भी आकलन किया गया।
पुलिस के अनुसार, त्योहार के दौरान महत्वपूर्ण स्थानों पर सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। मेले और जुलूस के दौरान ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी की जाएगी। साइबर और सोशल मीडिया सेल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक अफवाहें फैलाने तथा भड़काऊ टिप्पणियां करने वालों की गतिविधियों पर भी नजर रखेगी।
पुलिस ने लोगों से की सहयोग की अपील
पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने आमजन से अपील की कि शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या घटना की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा हेल्पलाइन नंबर 112 पर दें। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और त्योहार के दौरान पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
फ्लैग मार्च के दौरान प्रभारी निरीक्षक गैसड़ी सहित थाना कोतवाली गैसड़ी का पर्याप्त पुलिस बल एवं महिला पुलिसकर्मी मौजूद रहीं।
