प्रयागराज: साहित्य साधिका मीरा सिन्हा को मिला ‘साहित्य रत्न सम्मान’, साहित्यांजलि प्रकाशन ने किया अलंकृत


ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️

प्रयागराज। शहर की सुप्रसिद्ध साहित्यकार एवं अप्रतिम साहित्य साधिका मीरा सिन्हा को शनिवार को उनके सोहबतियाबाग स्थित आवास पर ‘साहित्य रत्न सम्मान’ से अलंकृत किया गया। साहित्यांजलि प्रकाशन, प्रयागराज की ओर से आयोजित यह सम्मान समारोह ‘साहित्यकार सत्कार: आपके द्वार’ योजना के अंतर्गत संपन्न हुआ। इस अवसर पर साहित्यकारों ने मीरा सिन्हा के साहित्यिक योगदान की सराहना की।

पुष्पगुच्छ, सम्मान पत्र और अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित

साहित्यांजलि प्रकाशन, प्रयागराज के व्यवस्थापक डॉ. भगवान प्रसाद उपाध्याय के संचालन में आयोजित समारोह की अध्यक्षता सुल्तानपुर की साहित्यकार रचना शिवपुरी ने की। कार्यक्रम में मीरा सिन्हा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

साहित्यांजलि प्रभा पत्रिका के उपसंपादक डॉ. योगेंद्र कुमार मिश्र ‘विश्वबंधु’ ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत किया। इसके बाद सहसंपादक रवीन्द्र कुशवाहा, डॉ. रामसुख यादव, शम्भूनाथ श्रीवास्तव ‘शम्भु’, विवेक सत्यांशु और रचना शिवपुरी ने संयुक्त रूप से मीरा सिन्हा को पुष्पगुच्छ, सम्मान पत्र, प्रतीक चिह्न के रूप में ट्रॉफी, अंगवस्त्र और मोती की माला भेंट कर सम्मानित किया।

उल्लेखनीय है कि साहित्यांजलि प्रकाशन की ओर से प्रत्येक माह एक वरिष्ठ साहित्यकार को ‘साहित्य रत्न सम्मान’ से अलंकृत किया जाता है।

रचना शिवपुरी को भी मिला ‘साहित्य भारती सम्मान’

समारोह के दौरान साहित्यकार रचना शिवपुरी को भी साहित्यांजलि प्रकाशन की ओर से ‘साहित्य भारती सम्मान’ प्रदान किया गया। इस अवसर पर साहित्यांजलि प्रभा पत्रिका के मीरा सिन्हा विशेषांक का लोकार्पण किया गया और उसे मीरा सिन्हा को समर्पित किया गया।

रचनाकारों ने काव्य पाठ से बांधा समां

कार्यक्रम में उपस्थित रचनाकारों ने अपनी विविध विधाओं की रचनाओं का सस्वर काव्य पाठ किया। साहित्यिक प्रस्तुतियों से पूरा आयोजन गरिमामय और साहित्यिक वातावरण से परिपूर्ण रहा।

अंत में डॉ. भगवान प्रसाद उपाध्याय ने सभी अतिथियों, साहित्यकारों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए हार्दिक कृतज्ञता जताई।

ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा, प्रयागराज ✍️

Previous Post Next Post