मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0: परिवार परामर्श केंद्र ने छह पारिवारिक विवादों का कराया सफल निस्तारण

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत बलरामपुर पुलिस द्वारा पारिवारिक विवादों के समाधान और परिवारों को टूटने से बचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार, 1 नवंबर 2026 को महिला थाना स्थित परिवार परामर्श केंद्र में आयोजित बैठक के दौरान छह पारिवारिक एवं दाम्पत्य विवादों का सफल निस्तारण कराया गया। इस दौरान दोनों पक्षों की मौजूदगी में गहन काउंसलिंग कर आपसी मनमुटाव और गलतफहमियों को दूर किया गया।

परिवार परामर्श केंद्र की बैठक में जनपद के विभिन्न थानों से प्राप्त पारिवारिक एवं दाम्पत्य विवादों से संबंधित पत्रावलियों को विचारार्थ प्रस्तुत किया गया। इनमें से छह मामलों में दोनों पक्षों की काउंसलिंग कर सहमति के आधार पर विवादों का समाधान कराया गया। परामर्शदाताओं ने दोनों पक्षों को अलग-अलग और संयुक्त रूप से सुनकर उनकी समस्याओं को समझा तथा छोटी-छोटी बातों से उत्पन्न मनमुटाव और गलतफहमियों को दूर करने का प्रयास किया।

महिला संबंधी कानूनों और बच्चों के भविष्य के प्रति किया जागरूक

परामर्श के दौरान दोनों पक्षों को महिला संबंधी कानूनों, घरेलू हिंसा अधिनियम और भरण-पोषण से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों के भविष्य और पारिवारिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करते हुए समझाया गया कि पारिवारिक विवादों का प्रभाव केवल पति-पत्नी तक सीमित नहीं रहता, बल्कि इससे पूरे परिवार और बच्चों का भविष्य भी प्रभावित होता है।

काउंसलिंग के दौरान सभी छह मामलों में दोनों पक्षों ने अपनी पिछली गलतियों पर खेद व्यक्त किया और भविष्य में आपसी प्रेम, विश्वास, सामंजस्य एवं सौहार्द के साथ जीवन व्यतीत करने का संकल्प लिया।

इन छह मामलों का कराया गया निस्तारण

परिवार परामर्श केंद्र में निस्तारित प्रमुख मामलों में तसलीम जहाँ बनाम मो. अरमान और हस्मतुन्निशा बनाम फरजाना, थाना कोतवाली नगर बलरामपुर; नीशू देवी बनाम प्रकाश मिश्रा तथा शिवलाल साहू बनाम रुपा देवी, थाना कोतवाली देहात बलरामपुर; रुबी तिवारी बनाम रमन तिवारी, थाना तुलसीपुर; और मृदुला त्रिपाठी बनाम रवि पाण्डेय, थाना सादुल्लानगर से संबंधित मामले शामिल रहे।

परिवार परामर्श केंद्र की टीम का रहा सराहनीय योगदान

इस सराहनीय कार्य में परिवार परामर्श केंद्र के परामर्शदाता अरुण यादव एवं देवतादीन दूबे के साथ प्रभारी परिवार परामर्श केंद्र एवं थानाध्यक्ष महिला थाना श्रीमती पूनम यादव तथा महिला आरक्षी पूजा, मनीषा वर्मा, गुलअफशां बानो और स्वाती का विशेष योगदान रहा।

बलरामपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार का पारिवारिक विवाद होने पर परिवार परामर्श केंद्र, कार्यालय पुलिस अधीक्षक, बलरामपुर से संपर्क करें। समय रहते आपसी बातचीत और काउंसलिंग के माध्यम से विवादों का समाधान कर परिवारों में प्रेम, विश्वास और सौहार्द का वातावरण बनाए रखने में सहयोग करें।

Previous Post Next Post