सरदार पटेल की जयंती और इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर कांग्रेस ने आयोजित की श्रद्धांजलि सभा

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। जिला कांग्रेस कमेटी, बलरामपुर के तत्वावधान में भारत के लौह पुरुष एवं भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती तथा देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर तहसील परिसर स्थित कैंप कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष शिवलाल कोरी के नेतृत्व में संपन्न हुआ। इस दौरान कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने दोनों महान नेताओं के चित्रों पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके राष्ट्रहित में किए गए कार्यों को याद किया।

श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने सरदार वल्लभभाई पटेल के अद्वितीय योगदान और इंदिरा गांधी के नेतृत्व, साहस एवं देश की एकता और अखंडता के प्रति उनके समर्पण पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दोनों महान विभूतियों का जीवन देशसेवा, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता है।

सभा को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष शिवलाल कोरी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की रियासतों का एकीकरण कर भारत की एकता और अखंडता को मजबूत करने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनके विचार, आदर्श और राष्ट्र के प्रति समर्पण सदैव देशवासियों का मार्गदर्शन करते रहेंगे।

उन्होंने कहा कि इन महान नेताओं के योगदान को याद करना उनके आदर्शों पर चलने और देश की एकता, सामाजिक सद्भाव तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने का संकल्प लेने का अवसर है।

कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव एवं पूर्व विधायक धीरेंद्र प्रताप सिंह 'धीरू', एआईसीसी सदस्य एवं पूर्व प्रमुख राज बहादुर यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष अनुज सिंह, डॉ. पंकज गुप्ता, विनय मिश्रा, अवधेश पाल सिंह, उमाशंकर तिवारी, मोहम्मद जमील, डॉ. प्रतीक मिश्रा, महेंद्र सिंह तथा जिला मीडिया प्रभारी बृजेश चौहान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

सभी उपस्थित नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए दोनों महान विभूतियों के योगदान को नमन किया। कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ।

Previous Post Next Post