मारपीट में 86 वर्षीय बुजुर्ग की मौत, आठ आरोपी गिरफ्तार



आलाकत्ल के रूप में छह लाठी और दो लोहे के पाइप बरामद, नाली के पानी को लेकर हुआ था विवाद


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा


बलरामपुर। उतरौला कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रजिया हरनीडीह में नाली का पानी खेत में जाने को लेकर हुए विवाद में लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से की गई मारपीट में गंभीर रूप से घायल 86 वर्षीय बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त छह लाठी और दो लोहे के पाइप भी बरामद किए हैं।


पुलिस के अनुसार, घटना 12 नवंबर 2026 की सुबह की है। गांव निवासी दीपक कुमार यादव ने उतरौला कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उनके घर के पीछे की नाली का पानी रामदेव यादव के खेत में जाने को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि इसी बात पर विपक्षी पक्ष के लोगों ने एकराय होकर उनके और परिजनों के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों एवं लोहे की रॉड से मारपीट की। इस दौरान उनके 86 वर्षीय दादा रामपियारे यादव के सिर में गंभीर चोटें आईं। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान मेडिकल कॉलेज बहराइच में उनकी मौत हो गई।


प्रकरण में पुलिस ने शुरुआत में रामदेव यादव समेत आठ नामजद आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा अपराध संख्या 158/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। बुजुर्ग की मृत्यु के बाद साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 103(1) और 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।


पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय एवं क्षेत्राधिकारी उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह के नेतृत्व में 14 नवंबर को उतरौला पुलिस ने अलग-अलग स्थानों से सभी आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।


गिरफ्तार आरोपियों में रामदेव यादव (65), रामकिशुन यादव (53), रामकरन यादव (51), हेमन्त यादव (34), सुभाष यादव (21), हिमांशु यादव (19), जितेन्द्र यादव (28) और ओम प्रकाश यादव (30) शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम रजिया हरनीडीह के निवासी हैं।


पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल से छह लाठी और दो लोहे के पाइप बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे आपस में पाटीदार हैं और पूर्व से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन नाली का पानी खेत में जाने को लेकर विवाद बढ़ गया, जिसके बाद गाली-गलौज और मारपीट हुई। इसी दौरान लगी चोटों के कारण रामपियारे यादव की मृत्यु हो गई।


पुलिस ने सभी गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय रवाना कर दिया।

Previous Post Next Post