पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति यात्रा पहुंची पचपेड़वा, वृक्षारोपण कर दिया नशामुक्त समाज का संदेश

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। पर्यावरण संरक्षण एवं नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश लेकर निकली पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति यात्रा रविवार को जनपद बलरामपुर के पचपेड़वा क्षेत्र पहुंची। यात्रा प्रातःकाल गोरखनाथ मंदिर से रवाना होकर महराजगंज और सिद्धार्थनगर जनपदों का भ्रमण करते हुए थारू जनजाति बाहुल्य क्षेत्र के इमिलिया कोंडर गांव पहुंची। यहां महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज परिसर में वृक्षारोपण के साथ नशामुक्ति एवं पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

यात्रा का स्वागत विद्यालय के प्रधानाचार्य आशुतोष शुक्ला, भांभर रेंज के वन क्षेत्राधिकारी योगेश सिंह, भाजपा पदाधिकारी रामकृपाल शुक्ला एवं गायत्री परिवार के सदस्यों ने किया।

इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी योगेश सिंह ने यात्रा के उद्देश्यों एवं पर्यावरण संरक्षण के संकल्प पर प्रकाश डाला। उन्होंने विशेष रूप से स्थानीय जनजातीय समुदाय में नशे की प्रवृत्ति को दूर करने के लिए जागरूकता की आवश्यकता बताई। साथ ही यात्रा में शामिल गायत्री परिवार के सदस्यों और विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।

भाजपा पदाधिकारी रामकृपाल शुक्ला ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति के अनमोल उपहार हैं। विशेष रूप से पीपल के वृक्ष को भारतीय संस्कृति में साक्षात ईश्वर का स्वरूप माना गया है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाकर उनके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभानी चाहिए।

सीमा जागरण मंच अवध क्षेत्र के संगठन मंत्री सत्यदेव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नशामुक्त भारत के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं जागरूक समाज के निर्माण में सहभागी बनने की अपील की।

यात्रा का नेतृत्व सीमा जागरण मंच अवध क्षेत्र के संगठन मंत्री सत्यदेव, एडवोकेट सोमेशवर्धन सिंह एवं मंच के अन्य पदाधिकारियों द्वारा किया जा रहा है।

इस अभियान में गायत्री परिवार पचपेड़वा के ट्रस्टी संजय जायसवाल, ब्लॉक प्रभारी कृष्ण कुमार पांडेय, शक्तिपीठ के परिव्राजक रामकुमार, वरिष्ठ सदस्य अंगद प्रसाद प्रजापति तथा युवा परिजन लीलाधर चौरसिया ने सक्रिय सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।

Previous Post Next Post