बाल दिवस पर पुलिस परिवार के मेधावी बच्चों का सम्मान, वामा सारथी ने बढ़ाया प्रतिभाओं का उत्साह

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। बाल दिवस के अवसर पर वामा सारथी, उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वेलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में शनिवार को रिजर्व पुलिस लाइन्स बलरामपुर में भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस दौरान पुलिस परिवार के मेधावी एवं विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को अध्यक्षा वामा सारथी डॉ. कुमुद सिंह ने सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम का आयोजन पुलिस परिवारों के कल्याण एवं बच्चों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से किया गया। वामा सारथी के निर्धारित कैलेंडर के अनुसार जुलाई, अगस्त एवं सितंबर 2026 के दौरान जनपद में विभिन्न कल्याणकारी, सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गई थीं। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को बाल दिवस पर सम्मानित किया गया।


इस दौरान पुलिस परिवार की महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और परामर्श के लिए वामा वेलनेस कैंप आयोजित किया गया। वहीं पुलिस लाइन एवं थाना परिसरों में वृक्षारोपण तथा स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया गया। बच्चों एवं युवाओं के बेहतर भविष्य के लिए कैरियर काउंसलिंग का आयोजन भी किया गया।

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बच्चों में देशभक्ति की भावना विकसित करने के लिए फ्लैग मेकिंग प्रतियोगिता तथा खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसके अलावा महिलाओं के लिए तीज महोत्सव के अंतर्गत मेहंदी एवं लोकगीत प्रतियोगिताएं कराई गईं। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

इस अवसर पर अध्यक्षा वामा सारथी डॉ. कुमुद सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं। पुलिस परिवार के बच्चे अनुशासन, संस्कार और देशभक्ति की भावना के साथ आगे बढ़ रहे हैं, यह गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि खेल, शिक्षा और संस्कार तीनों में संतुलन बनाकर ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। वामा सारथी बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सदैव प्रयासरत रहेगा।

उन्होंने सभी विजेता बच्चों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों के उत्साह एवं प्रतिभा की सराहना की। साथ ही आश्वस्त किया कि भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे, जिससे पुलिस परिवार के बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर मिलते रहें।

समारोह में पुलिस परिवार की महिलाओं, बच्चों तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कार्यक्रम के समापन पर सभी बच्चों को मिष्ठान वितरित किया गया। इस अवसर पर महिला थाना प्रभारी श्रीमती पूनम यादव सहित पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post