संगम में नाव से उतरते ही गंगा में समाया महाराष्ट्र का श्रद्धालु, चार घंटे तलाश के बाद भी नहीं मिला सुराग


पत्नी और बच्चों के सामने हुआ दर्दनाक हादसा, पिता का आरोप—चीखते-चिल्लाते रहे पर बचाने नहीं आया कोई

ब्यूरो चीफ आमिर मिर्जा | प्रयागराज ✍️

प्रयागराज। छठ महापर्व के दौरान सोमवार सुबह संगम में स्नान करने पहुंचे महाराष्ट्र के एक श्रद्धालु के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। परिवार के साथ तीर्थयात्रा पर आए 42 वर्षीय दामाजी महादेव पाकमोडे नाव से उतरते समय गंगा के गहरे पानी में डूब गए। घटना के बाद संगम तट पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर जल पुलिस और गोताखोरों ने तलाश अभियान शुरू किया, लेकिन चार घंटे से अधिक समय बीतने के बाद भी उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

21 सदस्यीय परिवार के साथ तीर्थयात्रा पर आए थे दामाजी

जानकारी के मुताबिक, दामाजी महादेव पाकमोडे महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले के निवासी थे। वह अपनी पत्नी मनीषा, 12 वर्षीय बेटे और छह वर्षीय बेटी समेत परिवार के कुल 21 सदस्यों के साथ तीर्थयात्रा पर निकले थे। परिवार 14 नवंबर को ट्रैवलर बस से रवाना हुआ था। अगले दिन मैहर में दर्शन-पूजन करने के बाद सोमवार सुबह प्रयागराज पहुंचा। यहां सभी लोग किला घाट से दो नावों में सवार होकर संगम स्नान के लिए रवाना हुए।

लकड़ी की बल्ली टूटने से बिगड़ा संतुलन, गहरे पानी में गिरे

परिवार के सदस्य सुबह करीब 10 बजे संगम नोज के पास पहुंचे। दामाजी के दामाद गोपाल के मुताबिक, नाव से उतरने के बाद परिवार के लोग स्नान की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान दामाजी नीचे उतरने लगे। आरोप है कि स्नान स्थल पर सुरक्षा के लिए लगाई गई लकड़ी की बल्ली अचानक टूट गई, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में जा गिरे। देखते ही देखते वह तेज धारा में लापता हो गए।

10 मिनट तक लगाते रहे मदद की गुहार

हादसे के बाद परिवार के सदस्यों ने शोर मचाकर आसपास मौजूद नाविकों और लोगों से मदद मांगी। परिजनों का आरोप है कि वे करीब 10 मिनट तक चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन तत्काल कोई उन्हें बचाने के लिए आगे नहीं आया। परिवार का कहना है कि यदि समय रहते बचाव का प्रयास किया जाता तो शायद दामाजी की जान बचाई जा सकती थी।

जल पुलिस और गोताखोरों ने चलाया तलाशी अभियान

घटना की जानकारी मिलते ही गोताखोरों ने नदी में तलाश शुरू कर दी। कुछ देर बाद जल पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। इसके बाद कई घंटे तक नदी में खोज अभियान चलाया गया। गोताखोरों की टीम ने संभावित स्थानों पर तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।

दारागंज थाना प्रभारी हरिकेश राय ने बताया कि हादसे के समय नदी का बहाव काफी तेज था। आशंका है कि दामाजी तेज धारा की चपेट में आकर बह गए। उनकी तलाश के लिए गोताखोरों की टीम को छतनाग तक भेजा गया है। खोज अभियान जारी है।

पत्नी और बच्चों के सामने हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम

हादसे के समय दामाजी की पत्नी मनीषा और दोनों बच्चे भी संगम पर मौजूद थे। आंखों के सामने पति को गंगा में डूबता देख पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के अन्य सदस्य भी गहरे सदमे में हैं। दामाजी के दामाद गोपाल ने बचाव व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि परिवार लगातार मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन तत्काल सहायता नहीं मिल सकी।

संगम की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

छठ महापर्व के अवसर पर संगम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु स्नान और पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में संगम नोज पर सुरक्षा के लिए लगाई गई जाली और लकड़ी की बल्ली टूटने के परिजनों के आरोप ने सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम, प्रशिक्षित बचाव दल और त्वरित सहायता की व्यवस्था कितनी प्रभावी है, यह घटना एक बार फिर इस पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

हालांकि, सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही और नाविकों की भूमिका को लेकर लगाए गए आरोपों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Previous Post Next Post