ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने तथा जनपद में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने भारी पुलिस बल के साथ बलरामपुर नगर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान पुलिस ने आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में निकाला गया फ्लैग मार्च वीर विनय, घंटाघर चौराहा, मेजर चौराहा, प्रमुख बाजारों, सर्राफा मार्केट और बड़ा पुल सहित नगर के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों से होकर गुजरा। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय व्यापारियों एवं आम नागरिकों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए उनके सुझाव भी प्राप्त किए।
शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की कि सभी लोग आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सद्भाव के साथ मनाएं। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वाले शरारती तत्वों पर नजर रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने नागरिकों एवं व्यापारियों से पुलिस और प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की, ताकि त्योहारों के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनी रहे।
सादे कपड़ों में तैनात रहेगी पुलिस, ड्रोन और सीसीटीवी से होगी निगरानी
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आगामी त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। महत्वपूर्ण स्थानों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अतिरिक्त भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों पर ड्रोन कैमरों एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भ्रामक अफवाहें फैलाने, भड़काऊ टिप्पणियां करने और सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने वालों की गतिविधियों पर साइबर एवं सोशल मीडिया सेल लगातार नजर बनाए हुए है।
फ्लैग मार्च से दिया सुरक्षा का संदेश
फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने नागरिकों और व्यापारियों को यह संदेश दिया कि त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। अधिकारियों ने आमजन से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी अप्रिय स्थिति की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, क्षेत्राधिकारी ललिया डी.के. श्रीवास्तव, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली देहात सहित भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद रहा।
