ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। नगर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और आए दिन लगने वाले जाम से नागरिकों को राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने पहल शुरू कर दी है। सड़क सुरक्षा पखवाड़ा–2026 के तहत नगर पालिका परिषद कार्यालय में नगर पालिका अध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप सिंह 'धीरू' की अध्यक्षता में संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें नगर के प्रमुख मार्गों और चौराहों पर लगने वाले जाम की समस्या पर विस्तार से चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), पुलिस उपाधीक्षक (यातायात), सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन), अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद तथा उत्तर प्रदेश सेतु निर्माण निगम के सहायक अभियंता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा के अनियमित संचालन, सड़कों पर जगह-जगह वाहनों को खड़ा कर सवारियां उतारने और बैठाने तथा बसों एवं ई-रिक्शा के लिए निर्धारित स्टैंड की व्यवस्था सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया गया।
रोडवेज बसों के लिए परेड ग्राउंड निर्धारित
नगर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए निर्णय लिया गया कि रोडवेज बसों को परेड ग्राउंड में खड़ा कराया जाएगा। इसके साथ ही यातायात का दबाव कम करने के लिए नगर के विभिन्न मार्गों पर वन-वे व्यवस्था लागू करने की योजना तैयार की जाएगी। वीर विनय चौराहे पर किसी भी वाहन को अनावश्यक रूप से खड़ा नहीं होने दिया जाएगा।
वहीं, भारी वाहनों के दिन के समय नगर में प्रवेश पर रोक लगाने तथा ई-रिक्शा और ऑटो रिक्शा के लिए निर्धारित स्टैंड विकसित करने के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
अनियमित पार्किंग पर होगी कार्रवाई
बैठक में प्रमुख मार्गों और चौराहों पर अनियमित पार्किंग करने तथा यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय स्थापित कर प्रस्तावित व्यवस्थाओं को धरातल पर लागू करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य बलरामपुर नगर को जाम की समस्या से राहत दिलाना, आम नागरिकों का आवागमन सुगम एवं सुरक्षित बनाना और सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना है।
