ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा
बलरामपुर। जनपद में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यातायात माह नवंबर-2026 का शुभारंभ किया गया। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने थाना कोतवाली नगर से यातायात जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर यातायात पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ जनपदीय पुलिस के अधिकारी-कर्मचारियों तथा अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
यातायात माह के दौरान आमजन को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने के प्रति जागरूक किया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है और बहुमूल्य जीवन की रक्षा की जा सकती है।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी यातायात विजय कुमार पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

