📰 नगर निगम में जन सुनवाई दिवस का आयोजन, 10 शिकायतें दर्ज, 2 का मौके पर निस्तारण


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहांपुर | 23 दिसंबर 2025।

नगर निगम शाहजहांपुर द्वारा “मेरा शहर–मेरा घर” अभियान के अंतर्गत आज नगर निगम कार्यालय में जन सुनवाई दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र ने की। जन सुनवाई दिवस का आयोजन प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक सिस्टेमैटिक एडमिनिस्ट्रेटिव मैकेनिज्म, ब्रिजिंग, हैप्पीनेस एंड वैल्यू (सम्भव) कार्यक्रम के तहत किया गया।

जन सुनवाई दिवस में नगर क्षेत्र के नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, नाली निर्माण तथा कर विभाग से संबंधित अपनी समस्याएं एवं शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। नगर आयुक्त ने सभी शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम के दौरान कुल 10 जनसमस्याएं/शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 02 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।


जन सुनवाई दिवस में अपर नगर आयुक्त एस.के. सिंह, संयुक्त नगर आयुक्त संगीता कुमारी, सहायक नगर आयुक्त राजकुमार गुप्ता, तरुण प्रताप सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, महाप्रबंधक जल विजय नारायण मौर्य, अधिशासी अभियंता सिविल दिलीप कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं नगर के नागरिक उपस्थित रहे।

नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु निरंतर प्रयासरत है और जन सुनवाई जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन से सीधा संवाद स्थापित किया जा रहा है।



Previous Post Next Post