Breaking News

**भावलखेड़ा के स्कूलों में औचक निरीक्षण, कई अनियमितताएं उजागर निरीक्षण में बाधा डालने पर सहायक अध्यापक पर विभागीय कार्रवाई प्रस्तावित**


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहांपुर | 31 जनवरी 2026

जनपद शाहजहांपुर के विकास खण्ड भावलखेड़ा अंतर्गत स्थित विभिन्न प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों में आज अपराह्न लगभग 02:00 बजे अधिकारियों द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था, उपस्थिति, साफ-सफाई एवं प्रशासनिक कार्यों की वास्तविक स्थिति सामने आई, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं पाई गईं।

निरीक्षण के दौरान निरीक्षण में बाधा, अभद्रता का आरोप

प्राथमिक विद्यालय ददऊ में कार्यरत सहायक अध्यापक विनीत गंगवार द्वारा निरीक्षण के दौरान वीडियो बनाए जाने एवं मना करने पर अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए निरीक्षण में बाधा उत्पन्न की गई। साथ ही छात्रों को पढ़ाए जा रहे विषयों के संबंध में पूछे गए प्रश्नों का संतोषजनक उत्तर भी नहीं दिया गया। शैक्षणिक कार्यों में रुचि न लेने एवं अनुशासनहीन व्यवहार को देखते हुए संबंधित सहायक अध्यापक के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।

प्राथमिक विद्यालय ग्वारी में गंदगी

प्राथमिक विद्यालय ग्वारी में निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में गंदगी पाई गई। मौके पर उपस्थित इंचार्ज प्रधानाध्यापक से स्पष्टीकरण लेते हुए 15 दिवस के भीतर साफ-सफाई पूर्ण कर अनुपालन आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। निर्देशों का पालन न होने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

कम्पोजिट विद्यालय कनेंग में कम उपस्थिति

कम्पोजिट विद्यालय कनेंग में 213 नामांकित छात्रों के सापेक्ष मात्र 56 छात्र-छात्राएं उपस्थित पाए गए। इसके अतिरिक्त विद्यालय में जाली लगाए जाने का कार्य अधूरा मिला तथा वित्तीय अनियमितताओं में सुधार हेतु 15 दिन का समय प्रदान किया गया। विद्यालय के समस्त स्टाफ को प्रधानाध्यापक के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।

उच्च प्राथमिक विद्यालय ददऊ में स्टाफ की कमी

उच्च प्राथमिक विद्यालय ददऊ में कुल 05 स्टाफ के सापेक्ष केवल 02 महिला शिक्षिकाएं उपस्थित पाई गईं। बताया गया कि शेष 03 पुरुष शिक्षक एसआईआर कार्य के अंतर्गत तहसील गए हुए हैं। विद्यालय के शौचालय की साफ-सफाई को लेकर ग्राम प्रधान से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

प्राथमिक विद्यालय ददऊ में शैक्षणिक स्तर बेहद कमजोर

प्राथमिक विद्यालय ददऊ में सभी स्टाफ उपस्थित मिला, लेकिन छात्रों से बातचीत के दौरान विद्यालय का शैक्षणिक स्तर अत्यंत कमजोर पाया गया। इस पर मौके पर मौजूद समस्त स्टाफ को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देश दिया गया कि शीघ्र शैक्षणिक सुधार किया जाए, अन्यथा विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शिक्षा की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा और लापरवाही बरतने वाले शिक्षकों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



Post a Comment

0 Comments