स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻
शाहजहाँपुर, 01 फरवरी 2026।
केंद्र सरकार द्वारा संसद में प्रस्तुत यूनियन बजट 2026 के लाइव प्रसारण के उपरांत माननीय महापौर ने बजट के प्रमुख प्रावधानों पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे देश की आर्थिक मजबूती और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
माननीय महापौर ने कहा कि यूनियन बजट 2026 वित्तीय अनुशासन के साथ विकास को प्राथमिकता देने वाला बजट है। इसमें बुनियादी ढांचे के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है, जिससे देश के साथ-साथ शहरी क्षेत्रों के विकास को भी गति मिलेगी।
उन्होंने बताया कि पूंजीगत व्यय में वृद्धि से सड़क, परिवहन, आवास, शहरी आधारभूत सुविधाओं और सार्वजनिक ढांचे का विस्तार होगा। इसका सीधा लाभ नगर निगम क्षेत्रों को मिलेगा और नागरिक सुविधाओं की गुणवत्ता में सुधार के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
माननीय महापौर ने शिक्षा और स्वास्थ्य को बजट की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल किए जाने की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा, कौशल विकास और स्वास्थ्य सेवाओं में निवेश से एक सशक्त और आत्मनिर्भर राष्ट्र का निर्माण संभव होगा। युवाओं के लिए स्किल डेवलपमेंट, नवाचार और स्टार्ट-अप्स को बढ़ावा देने वाले प्रावधान रोजगार सृजन में सहायक सिद्ध होंगे।
उन्होंने बजट में महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और उद्यमिता से जुड़े प्रावधानों की भी प्रशंसा की और कहा कि महिलाओं और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में यह बजट प्रभावी साबित होगा।
अंत में माननीय महापौर ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार की दूरदर्शी नीतियों और यूनियन बजट 2026 के अनुरूप नगर निगम शाहजहाँपुर शहर के समग्र, सतत और नागरिक-केंद्रित विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहेगा, जिससे विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा।

