Breaking News

मेरठ में कपड़ा व्यापारी के मकान में आग से 6 की दर्दनाक मौत

 

मेरठ, ब्यूरो चीफ तशरीफ़ अली – मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र के किदवई नगर में सोमवार रात 8:30 बजे एक कपड़ा कारोबारी के मकान में लगी आग से 6 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पांच बच्चे और एक महिला शामिल हैं।

घटना के समय परिवार के पुरुष मस्जिद में तरावीह की नमाज के लिए गए हुए थे। मकान तीन मंजिला था, जिसमें नीचे गोदाम और ऊपर परिवार का आवास था। अचानक नीचे बने गोदाम में रखे कपड़ों में आग लग गई और लपटों ने ऊपर की मंजिलों तक पहुंचते ही सीढ़ियों का मार्ग बंद कर दिया।

इस दौरान चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। कुछ लोगों ने खुद पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। वहीं गली के एक पड़ोसी ने छत से सीढ़ी लगाकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया।

घायलों को हापुड़ रोड के राजधानी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ डॉक्टरों ने 30 वर्षीय रुखसार पत्नी आसिम, 3 साल का आसिम का बेटा, छह महीने की जुड़वा बेटियां नबिया और इनायत, फारूक की 12 साल की बेटी महविश और 4 साल का बेटा हम्माद को मृत घोषित कर दिया। इकबाल की पत्नी बानो गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। इसके अलावा रिश्तेदार शहजाद भी झुलस गया।

फायर ब्रिगेड और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना के कारण पूरे मोहल्ले में कोहराम मच गया।

डीएम डॉ. वी.के. सिंह और एसएसपी अविनाश पांडे घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच कर रहे हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

आग से प्रभावित परिवार और आसपास के लोगों में गहरा शोक और चिंता का माहौल है।

Post a Comment

0 Comments