शाहजहाँपुर, 10 फरवरी। आगामी होली पर्व के अवसर पर निकलने वाले छोटे लाट साहब के जुलूस को शान्तिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को थाना रामचन्द्र मिशन परिसर में पीस कमेटी की विस्तृत बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने की, जो पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में आयोजित हुई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), नगर मजिस्ट्रेट, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी सदर, उपजिलाधिकारी सदर सहित प्रशासनिक एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त होली समिति के पदाधिकारी, आयोजक और गणमान्य नागरिकों ने भी सहभागिता की।
इस दौरान जुलूस के निर्धारित मार्ग, समय, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, विद्युत सुरक्षा, ध्वनि विस्तारक यंत्रों के नियमन तथा संवेदनशील स्थलों की पहचान सहित आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने समिति के सदस्यों से परम्पराओं का पालन करते हुए शान्ति, सौहार्द और भाईचारा बनाए रखने की अपील की।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने बताया कि जुलूस के दौरान पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा तथा संवेदनशील और मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरती जाएगी। किसी भी प्रकार की अफवाह, आपत्तिजनक नारेबाजी या अव्यवस्था को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आयोजकों से प्रशासन और पुलिस का पूर्ण सहयोग करने तथा किसी भी सूचना को तत्काल साझा करने का आग्रह किया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने भी सोशल मीडिया पर भ्रामक सूचनाओं से बचने और पर्व को प्रेम, सौहार्द व शान्ति के साथ मनाने की अपील की। बैठक में उपस्थित होली समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। पीस कमेटी की बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments