स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻
शाहजहाँपुर, 10 फरवरी। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) द्वारा मंगलवार को थाना परौर का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर में नियुक्त पुलिस बल ने विधिवत सलामी दी, जिसे महोदया ने ग्रहण किया।
निरीक्षण में कार्यालय व्यवस्था, अभिलेखों के रख-रखाव, आगंतुक रजिस्टर, ड्यूटी चार्ट, सीसीटीएनएस, अपराध एवं विवेचना रजिस्टर सहित गुंडा/हिस्ट्रीशीटर रजिस्टर की गहन समीक्षा की गई। साथ ही मालखाना, शस्त्रागार, बैरक, मेस, शौचालय, पेयजल, विद्युत व्यवस्था और हवालात की साफ-सफाई व सुरक्षा मानकों का भी निरीक्षण किया गया। महिला हेल्प डेस्क, पीड़ित सहायता प्रक्रिया, जनसुनवाई व्यवस्था तथा साइबर अपराध शिकायतों के त्वरित पंजीकरण और प्रभावी विवेचना पर विशेष बल दिया गया।
थाना क्षेत्र में सक्रिय बीट प्रणाली, रात्रि एवं पैदल गश्त, संवेदनशील क्षेत्रों पर सतर्क निगरानी, निरोधात्मक कार्रवाई और वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिसकर्मियों को अनुशासन, समयपालन, कर्तव्यनिष्ठा और आमजन के प्रति शालीन व संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने को कहा गया। निरीक्षण में पाई गई कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश देते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन भी किया गया।
अंत में अपेक्षा व्यक्त की गई कि थाना परौर पुलिस टीम निष्ठा और सेवा भावना के साथ कार्य करते हुए कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखेगी तथा नागरिकों में सुरक्षा की भावना को और मजबूत करेगी।

