Breaking News

एनएसएस द्वारा सड़क सुरक्षा जागरूकता शिविर आयोजित, सुरक्षित यातायात का दिया संदेश


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहांपुर, 11 फरवरी 2026। स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज, शाहजहांपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा सत्र 2025–26 के अंतर्गत सड़क सुरक्षा विषय पर एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना तथा सुरक्षित यातायात के महत्व को समाज तक पहुँचाना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 11 बजे एनएसएस कार्यालय के समीप हुआ। उप प्राचार्य प्रो. अनुराग अग्रवाल ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा केवल व्यक्तिगत जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक आवश्यकता है। उन्होंने जागरूकता और अनुशासन को सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम का प्रमुख आधार बताया तथा हरी झंडी दिखाकर जागरूकता रैली को रवाना किया। रैली में स्वयंसेवकों ने सड़क सुरक्षा से जुड़े स्लोगन और संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।

शिविर के दौरान आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) के प्रभारी प्रो. आदित्य कुमार सिंह ने प्रेरक व्याख्यान देते हुए यातायात नियमों के पालन, सतर्कता और दुर्घटनाओं की रोकथाम के उपायों पर प्रकाश डाला। उन्होंने पैदल चलने के नियमों का पालन, वाहन चलाते समय सीट बेल्ट और हेलमेट का अनिवार्य उपयोग तथा तेज गति से बचने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विशेष जोर दिया।


स्वयंसेवकों ने “हेलमेट लगाएं, जीवन बचाएं” और “सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षक” जैसे संदेशों को तख्तियों पर अंकित कर जन-जागरूकता का संदेश दिया। रैली और व्याख्यान के माध्यम से स्थानीय समुदाय को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का सार्थक प्रयास किया गया।

समापन अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव ने सभी स्वयंसेवकों और शिक्षकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूकता फैलाना हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है और ऐसे शिविर समाज में सकारात्मक परिवर्तन के प्रभावी माध्यम बनते हैं।

इस अवसर पर प्रो. आलोक कुमार मिश्रा, प्रो. पूनम, डॉ. शालीन कुमार सिंह, नीलू कुमार, डॉ. शिशिर शुक्ला, डॉ. अर्चना गर्ग, डॉ. प्रतिभा शर्मा, प्रज्वल पुंडीर सहित अन्य शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राओं की सक्रिय सहभागिता रही। शिविर ने समाज में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Post a Comment

0 Comments