शाहजहाँपुर। राज्य ललित कला अकादमी, उत्तर प्रदेश तथा स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज, शाहजहाँपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ‘क्षेत्रीय कला प्रदर्शनी, बरेली क्षेत्र 2025-26’ का पुरस्कार वितरण समारोह कॉलेज परिसर में उत्साहपूर्ण व गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में कला, संस्कृति और सृजनात्मकता को प्रोत्साहित करने की भावना प्रमुख रूप से परिलक्षित हुई।
इस अवसर पर मुमुक्षु शिक्षा संकुल के मुख्य अधिष्ठाता एवं पूर्व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री स्वामी चिन्मयानन्द सरस्वती ने कला और संस्कृति के संरक्षण में अकादमी एवं कॉलेज के संयुक्त प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कला मानवीय संवेदनाओं की सर्वोत्तम अभिव्यक्ति है और ऐसे आयोजन युवा प्रतिभाओं को मंच प्रदान करते हैं।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) आर. के. आज़ाद ने संस्थान में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सांस्कृतिक व कलात्मक गतिविधियों को बढ़ावा देने के प्रयासों का उल्लेख किया तथा अकादमी के साथ सहयोग को भविष्य में भी जारी रखने की आशा व्यक्त की। वहीं प्रबंध समिति के सचिव प्रो. (डॉ.) अवनीश कुमार मिश्र ने कहा कि शिक्षण संस्थानों का उद्देश्य केवल पाठ्यक्रम तक सीमित नहीं, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना भी है, जिसमें कला की महत्वपूर्ण भूमिका है।
राज्य ललित कला अकादमी के सदस्य डॉ. दुर्जन सिंह राना ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित विविध कलाकृतियों की सराहना करते हुए नवोदित कलाकारों को निरंतर सृजन के लिए प्रेरित किया। अकादमी के अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने अपने अध्यक्षीय सम्बोधन में कहा कि इस प्रदर्शनी का उद्देश्य बरेली क्षेत्र के प्रतिभाशाली कलाकारों को राज्य स्तर पर पहचान दिलाना है तथा ऐसे आयोजनों को निरंतर प्रोत्साहित किया जाता रहेगा।
आयोजन समिति की ओर से उप-प्राचार्य प्रो. (डॉ.) अनुराग अग्रवाल, चित्रकला विभाग प्रभारी डॉ. अर्चना गर्ग तथा आयोजक डॉ. प्रज्ज्वल पुंडीर ने अतिथियों, कलाकारों एवं उपस्थित जनसमुदाय का स्वागत करते हुए बताया कि प्रदर्शनी में बरेली क्षेत्र के 50 से अधिक कलाकारों की लगभग 200 कलाकृतियाँ—चित्रकला, मूर्तिकला, ग्राफिक्स आदि विधाओं में—प्रदर्शित की गईं।
कार्यक्रम में राज्य ललित कला अकादमी के निर्देशक अमित कुमार अग्निहोत्री, उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र मिश्र तथा कार्यकारी अध्यक्ष एवं प्रमुख सचिव अमृत अभिजात, आईएएस की उपस्थिति ने समारोह की गरिमा बढ़ाई। उन्होंने राज्य सरकार की कला एवं संस्कृति के विकास के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
समारोह के अंत में प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कलाकार डॉ. आशीष कुमार सिंह एवं प्रतीक्षा अवस्थी को मुख्य अतिथि एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा पुरस्कार, प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। छात्र-छात्राओं, कला प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति ने समारोह को यादगार बना दिया।
शाहजहॉपुर
0 Comments