शाहजहांपुर: छोटे लाट साहब जुलूस के मार्ग का जिलाधिकारी द्वारा पैदल निरीक्षण

 

स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहांपुर | दिनांक 17.02.2026। आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी के साथ नगर क्षेत्र में निकाले जाने वाले छोटे लाट साहब के जुलूस के मार्ग का पैदल निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सरायकईया से दलेलगंज, पुत्तूलाल चौराहा, तरीन गाड़ीपुरा होते हुए पुनः सरायकईया तक जुलूस मार्ग का जायजा लिया। इस अवसर पर नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, नगर मजिस्ट्रेट पर्वेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण, संबंधित पुलिस क्षेत्राधिकारी, जुलूस के आयोजकगण तथा क्षेत्र के नागरिक उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग से संबंधित समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए ढीले एवं लटके तारों को ठीक कराने, ट्रांसफार्मरों को सुरक्षित रूप से ढकने, मार्ग में अवरोध उत्पन्न कर रही बाधाओं को हटाने तथा सड़क पर गड्ढों को भरने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, वैकल्पिक मार्ग, यातायात प्रबंधन और जुलूस मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थानीय नागरिकों एवं जुलूस आयोजकों से संवाद स्थापित कर शांति, सौहार्द एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समय पर व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न उत्पन्न हो।

Previous Post Next Post