ब्यूरो चीफ: शास्त्र तिवारी, बहराइच ✍️
सुबह से ही परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों के बाहर पहुंचने लगे। छात्र-छात्राएं प्रवेश पत्र के माध्यम से कक्षाओं की जानकारी लेते हुए अंतिम समय तक तैयारी दोहराते नजर आए। नकल विहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
पयागपुर क्षेत्र के कौशलेंद्र विक्रम सिंह इंटर कॉलेज कोट बाजार, रामनारायण सिंह इंटर कॉलेज रामनगर खजुरी, अरुण मेमोरियल इंटर कॉलेज अकरौरा एवं राम प्रकाश इंटर कॉलेज सुहेलवा सहित सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे सक्रिय रहे।
सघन तलाशी के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया। अरुण मेमोरियल इंटर कॉलेज अकरौरा में पहली पाली (हाईस्कूल) में 12 तथा दूसरी पाली (इंटरमीडिएट) में 5 परीक्षार्थी अनुपस्थित पाए गए। केंद्र व्यवस्थापक के नेतृत्व में परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न हुई और कहीं से किसी प्रकार की समस्या की सूचना नहीं मिली।
विशेश्वरगंज क्षेत्र के विजय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कन्छर, श्री नन्द इंटर कॉलेज पहुँचकट्टा, सम्राट अशोक एमकेपी इंटर कॉलेज पुरैनाबाजार, मोक्षद्वार इंटर कॉलेज कुरसहा, ब्राइट वे उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तकिया बेलास, माया देवी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बुलाकी पुरवा बसनेरा तथा वीर इंटर कॉलेज धनुही समेत सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी गई।
केंद्र व्यवस्थापकों द्वारा सघन तलाशी के बाद ही प्रवेश दिया गया। कई केंद्रों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई और कंट्रोल रूम से ऑनलाइन मॉनिटरिंग भी की जाती रही।
समय पालन को लेकर भी सख्ती बरती गई। परीक्षा शुरू होने से आधा घंटा पहले केंद्रों के गेट बंद कर दिए गए, जिससे देर से आने वाले कुछ परीक्षार्थियों को बाहर ही रुकना पड़ा।
पहले दिन छात्रों में आत्मविश्वास के साथ हल्की घबराहट भी दिखाई दी। घंटी बजते ही परीक्षा कक्षों में सन्नाटा छा गया और विद्यार्थी प्रश्नपत्र हल करने में जुट गए। बाहर अभिभावक बच्चों का हौसला बढ़ाते नजर आए।
प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार परीक्षा अवधि के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की सूचना पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पहले दिन की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने पर प्रशासन ने राहत की सांस ली है।
कड़ी निगरानी और पारदर्शिता के साथ परीक्षा का सफल आगाज होने से स्पष्ट संकेत है कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षा सख्ती और निष्पक्षता के साथ आयोजित की जाएगी।
शाहजहांपुर
0 Comments