Breaking News

शाहजहाँपुर पुलिस की जनशिकायत निस्तारण मुहिम जारी, एक दिन में 17 शिकायतों का मौके पर समाधान

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 19 जून 2026। जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं निष्पक्ष निस्तारण के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर श्री सौरभ दीक्षित द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत जनपद पुलिस ने शुक्रवार को 17 शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण किया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं ग्रामीण के पर्यवेक्षण में संचालित इस अभियान का उद्देश्य आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

अभियान के तहत जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के घर या विवादित स्थल पर पहुंचकर शिकायतों की जांच और निस्तारण कर रहे हैं। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार प्रत्येक क्षेत्राधिकारी अपने सर्किल में कम से कम एक स्थान तथा प्रत्येक थाना प्रभारी प्रतिदिन कम से कम दो स्थानों पर जाकर शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं।

पुलिस विभाग द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 19 जून 2026 को जनपद के विभिन्न थानों में प्राप्त शिकायतों में से कुल 17 शिकायतों का मौके पर जाकर समाधान किया गया।

इस विशेष पहल के तहत शिकायतकर्ताओं को बार-बार थाने अथवा पुलिस कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पुलिस स्वयं शिकायतकर्ता के पास पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण कर रही है तथा दोनों पक्षों से बातचीत कर फीडबैक प्राप्त करते हुए विवादों का समाधान सुनिश्चित कर रही है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को त्वरित न्याय एवं बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराना है। जनपद पुलिस आगे भी इसी प्रकार शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी निस्तारण के लिए कार्य करती रहेगी।

Post a Comment

0 Comments