स्टेट ब्यूरो हेड : योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 12 जून 2026। स्वामी शुकदेवानन्द विश्वविद्यालय के अर्थशास्त्र विभाग द्वारा "विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश" विषय पर परिचर्चा का आयोजन किया गया। "सेवा, सुशासन, विकास एवं जन-जागरूकता" थीम पर आधारित इस कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. पी.बी. सिंह के मार्गदर्शन एवं प्रेरणा से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान कुलपति प्रो. पी.बी. सिंह के संदेश का वाचन किया गया। संदेश में कहा गया कि विकसित भारत का निर्माण केवल आर्थिक प्रगति से नहीं, बल्कि शिक्षित, जागरूक एवं उत्तरदायी नागरिकों के सक्रिय योगदान से ही संभव है। युवाओं को नवाचार, उद्यमिता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा राष्ट्रहित के प्रति समर्पित होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा और विश्वविद्यालय जन-जागरूकता एवं बौद्धिक विमर्श के माध्यम से इस दिशा में अपना योगदान देता रहेगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वाणिज्य विभाग के प्रो. देवेन्द्र सिंह ने कहा कि विकास का अर्थ केवल राष्ट्रीय आय अथवा प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक के जीवन स्तर में सुधार, सामाजिक न्याय, समान अवसर, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करना भी है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे।
अर्थशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. मधुकर श्याम शुक्ला ने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएँ जैसे स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, पेयजल एवं सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रम नागरिकों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. रामशंकर पाण्डेय ने कहा कि सेवा, सुशासन, विकास और जन-जागरूकता एक-दूसरे के पूरक हैं। इन चारों स्तम्भों के सुदृढ़ होने पर ही भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य को प्राप्त कर सकेगा तथा उत्तर प्रदेश देश के अग्रणी विकसित राज्यों में अपना स्थान सुनिश्चित करेगा।
समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. पूनम ने कहा कि जब नागरिक अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक होंगे, तभी विकास की प्रक्रिया प्रभावी एवं सार्थक होगी।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर डॉ. राजीव यादव, डॉ. संदीप कुमार, मोनू कुमार, सत्यम शुक्ला, पारस शुक्ला, कृतिका, मोहित कुमार, नंदिनी सिंह, सौरभ कुमार, उपासना सक्सेना, उमा मिश्रा, कमलेश पाल एवं आकांक्षा मिश्रा सहित अनेक छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।
शोध छात्र सत्यम शुक्ला द्वारा कार्यक्रम का संचालन किया गया तथा आभार ज्ञापन डॉ. पूजा वाजपेई ने किया।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments