Breaking News

ग्राम समाज की जमीन पर अवैध कब्जे का आरोप, लेखपाल की तहरीर के बावजूद मुकदमा दर्ज न होने पर उठे सवाल

 

जिला संवाददाता कल्लू उर्फ रजनीश लखनऊ ✍️

लखनऊ। राजधानी के पारा थाना क्षेत्र स्थित हंसखेड़ा 19 मंजिला कॉलोनी के पास ग्राम समाज की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। आरोप है कि ललित किशोर मिश्रा नामक व्यक्ति स्थानीय लोगों के संरक्षण में सरकारी भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार कब्जेदार ग्राम समाज की भूमि से सटी निजी भूमि की रजिस्ट्री का हवाला देकर सरकारी जमीन को अपने कब्जे में लेने की कोशिश कर रहा था। मामले की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे लेखपाल अरविन्द ने जांच की, जिसमें भूमि ग्राम समाज की होने की बात सामने आने का दावा किया गया।

जांच के दौरान लेखपाल ने तत्काल निर्माण कार्य रुकवाने के लिए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे दरोगा मोहित भाटी एवं पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में निर्माण कार्य रुकवाया गया तथा यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए गए।

लेखपाल अरविन्द ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास करने वाले आरोपित के विरुद्ध कार्रवाई की मांग करते हुए पारा थाने में तहरीर भी दी। हालांकि आरोप है कि तहरीर दिए जाने के बावजूद अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है।

मामले को लेकर शिकायतकर्ताओं का कहना है कि कार्रवाई के बजाय उन पर ही दबाव बनाया जा रहा है। वहीं लेखपाल पक्ष का आरोप है कि राजस्व विभाग की रिपोर्ट के बावजूद पुलिस द्वारा अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जा रही है।

इस प्रकरण में लेखपाल की तहरीर पर मुकदमा दर्ज न होने से पारा पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर सरकारी भूमि की सुरक्षा एवं दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल मामले में पुलिस और राजस्व विभाग की ओर से आगे की कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments