Breaking News

शाहबाज़ नगर बांध और लोदीपुर घाट परियोजनाओं की जांच की मांग, कॉन्ट्रेक्टर वेलफेयर सोसायटी ने उठाए सवाल

 

स्टेट ब्यूरो हेड : योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 13 जून 2026। कॉन्ट्रेक्टर वेलफेयर सोसायटी, शाहजहाँपुर ने सिंचाई विभाग की शाहबाज़ नगर बांध एवं लोदीपुर घाट पर संचालित परियोजनाओं की कार्यप्रणाली और प्रगति पर गंभीर सवाल उठाते हुए अधिशासी अभियंता शारदा नहर खंड को ज्ञापन सौंपा है।

सोसायटी के अध्यक्ष अभिषेक मोहन मिश्रा के नेतृत्व में दिए गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि दोनों परियोजनाओं का कार्य अत्यंत धीमी गति से चल रहा है। साथ ही कार्य की गुणवत्ता एवं निर्धारित समय-सीमा को लेकर स्थानीय स्तर पर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं।

ज्ञापन में कहा गया है कि शाहबाज़ नगर बांध और लोदीपुर घाट की परियोजनाएं क्षेत्र के किसानों, सिंचाई व्यवस्था, जलभराव की समस्या तथा बाढ़ सुरक्षा के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। इसके बावजूद कार्यों की प्रगति संतोषजनक नहीं दिखाई दे रही है, जिससे जनहित प्रभावित होने की आशंका है।

कॉन्ट्रेक्टर वेलफेयर सोसायटी ने विभाग से दोनों परियोजनाओं की विस्तृत भौतिक प्रगति आख्या उपलब्ध कराने की मांग की है। साथ ही स्वीकृत बजट, अब तक हुए भुगतान, पूर्ण कार्यों एवं वर्तमान स्थिति की जानकारी सार्वजनिक करने का अनुरोध किया गया है।

सोसायटी ने एक तकनीकी टीम द्वारा स्थलीय निरीक्षण कराए जाने तथा यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदारों एवं अधिकारियों के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की मांग भी उठाई है।

इसके अतिरिक्त परियोजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराने के लिए स्पष्ट डेडलाइन निर्धारित करने की मांग की गई है। ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि विभाग द्वारा शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो मामला उच्च अधिकारियों एवं शासन स्तर पर उठाया जाएगा।

सोसायटी पदाधिकारियों ने जनहित को देखते हुए पारदर्शी जांच एवं त्वरित कार्रवाई की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments