संवाददाता लखनऊ ✍️
लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ में विभागीय जांच के बाद सोशल मीडिया एवं मीडिया मंचों के दुरुपयोग, विभागीय अनुशासनहीनता तथा सेवा नियमों के लगातार उल्लंघन के आरोप सिद्ध होने पर आरक्षी सुनील कुमार शुक्ला को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है।
पुलिस कमिश्नरेट द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 7 मई 2026 को गठित जांच समिति ने मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों के बयान दर्ज किए। जांच के दौरान आरक्षी सुनील कुमार शुक्ला सहित सभी संबंधित व्यक्तियों को अपना पक्ष रखने और साक्ष्य प्रस्तुत करने का पूरा अवसर दिया गया, लेकिन आरक्षी अपने आरोपों के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सके।
विभागीय जांच में यह पाया गया कि आरक्षी ने वरिष्ठ अधिकारियों के विरुद्ध निराधार आरोप सार्वजनिक रूप से प्रसारित किए, विभाग की छवि धूमिल करने का प्रयास किया, पुलिस बल में अनुशासनहीनता को बढ़ावा दिया तथा अधिकारियों के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया।
इसके अतिरिक्त बिना अनुमति सोशल मीडिया का उपयोग कर उत्तर प्रदेश सोशल मीडिया नीति-2023, उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली, 1956 के नियम 3, 6, 7 एवं 27 तथा उत्तर प्रदेश वर्दी विनियम का उल्लंघन भी सिद्ध हुआ।
इन गंभीर आरोपों के प्रमाणित होने के बाद विभागीय कार्रवाई के तहत आरक्षी सुनील कुमार शुक्ला को पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया गया।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments