Breaking News

मोहर्रम को लेकर पुवायाँ, खुटार और बण्डा में सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण, अधिकारियों ने शांति बनाए रखने की अपील की

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में क्षेत्राधिकारी पुवायाँ एवं उपजिलाधिकारी पुवायाँ ने थाना पुवायाँ, खुटार और बण्डा क्षेत्र के ताजियों एवं ताजिया मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ताजिया मार्गों, संवेदनशील स्थलों एवं प्रमुख चौराहों का भ्रमण कर सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि मोहर्रम के दौरान पूरी मुस्तैदी और सतर्कता के साथ ड्यूटी का निर्वहन करें तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी एवं उपजिलाधिकारी ने ताजियादारों, आयोजन समितियों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद कर आपसी भाईचारा, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने, भ्रामक सूचनाएं साझा न करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।

शाहजहाँपुर पुलिस एवं प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Post a Comment

0 Comments