ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️
बलरामपुर। जनपद बलरामपुर के तुलसीपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत लौकहवा डिप पर पुल निर्माण की मांग को लेकर क्षेत्रीय लोगों ने समाजसेवी एवं पूर्व सांसद प्रत्याशी युगल किशोर शुक्ल एडवोकेट के नेतृत्व में प्रदर्शन किया तथा मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन भेजकर शीघ्र पुल निर्माण की मांग उठाई।
ज्ञापन में बताया गया कि विकास खंड हर्रैया सतघरवा के अंतर्गत हरिहरगंज-ललिया-बनकटवा मार्ग के किलोमीटर-11 स्थित लौकहवा डिप पर पुल न होने के कारण बरसात के मौसम में लाखों लोगों का आवागमन प्रभावित हो जाता है। हेंगहा, डोरवा, गौरैया और चकैया जैसे पहाड़ी व जंगली नालों का पानी सड़क के ऊपर से बहने लगता है, जिससे मार्ग कई दिनों तक बंद हो जाता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि तेज बहाव के कारण यहां अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। कई लोगों की जान जा चुकी है। उन्होंने बताया कि मकुनहवा के पूर्व प्रधान स्वर्गीय चेतराम वर्मा की भी इसी स्थान पर बाढ़ के दौरान बह जाने से मृत्यु हो गई थी। कई बार स्थानीय तैराकों और सुरक्षा बलों ने लोगों की जान बचाई है।
प्रदर्शनकारियों ने बताया कि यही मार्ग ललिया थाना, हर्रैया सतघरवा ब्लॉक मुख्यालय, शिवपुरा, भारत-नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) तथा सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग के कर्मचारियों के आवागमन का प्रमुख मार्ग है। ऐसे में इस स्थान पर पुल का निर्माण जनहित एवं सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है।
पूर्व सांसद प्रत्याशी युगल किशोर शुक्ल एडवोकेट ने कहा कि पुल बनने से क्षेत्र के लाखों लोगों को बरसात के दौरान होने वाली कठिनाइयों से स्थायी राहत मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से इस महत्वपूर्ण परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृति प्रदान करने की मांग की।
प्रदर्शन में मनमोहन तिवारी, कृष्णा राम, अमरेश, राकेश, काशीराम, जयशंकर, महेश, रामनिवास, छोटकऊ, पन्नालाल, शाहिद, दिनेश, इरफान सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments