Breaking News

योग सप्ताह के अंतर्गत निकाली गई जनजागरूकता रैली, योग अपनाने का दिया संदेश

 

ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️

बलरामपुर, 19 जून 2026। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह कार्यक्रम के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद बलरामपुर में योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने हेतु भव्य रैली निकाली गई। रैली का उद्देश्य आमजन को योग के महत्व, स्वस्थ जीवनशैली एवं नियमित योगाभ्यास के प्रति प्रेरित करना रहा।

आयुर्वेद विभाग के मीडिया प्रभारी डॉ. प्रभात कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनजागरूकता रैली क्षेत्रीय आयुर्वेदिक कार्यालय से प्रारंभ होकर वीर विनय चौराहा, परेड ग्राउंड, संतोषी माता मंदिर एवं चौक क्षेत्र से होकर गुजरी। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने बैनर एवं पोस्टरों के माध्यम से लोगों को योग के लाभों से अवगत कराया तथा नियमित योग करने का संदेश दिया।

रैली के दौरान नागरिकों को बताया गया कि योग शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने का प्रभावी माध्यम है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति निरोग, ऊर्जावान एवं तनावमुक्त जीवन व्यतीत कर सकता है।

इस अवसर पर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. संजय कुमार, जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. वीरपाल सिंह, शौर्य उदय रघुराजी शिक्षण संस्थान के आर.एन. सिंह, गायत्री परिवार के वीरेन्द्र विक्रम सहित आयुष विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने 21 जून को आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments