स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 27 जुलाई। जनपद के सभी कार्यालयों में ई-ऑफिस प्रणाली के शत-प्रतिशत एवं प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने की।
प्रशिक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि ई-ऑफिस प्रणाली का उद्देश्य पत्रावलियों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्यालयों में नियमानुसार ई-ऑफिस के माध्यम से कार्य किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि 1 अगस्त से ई-ऑफिस के संचालन में लापरवाही या त्रुटि पाए जाने पर संबंधित अधिकारी को प्रतिकूल प्रविष्टि (Adverse Entry) दी जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि वर्तमान में जनपद में ई-ऑफिस के माध्यम से पत्रावलियों का निस्तारण अपेक्षित गति से नहीं हो रहा है, जबकि शासन की प्राथमिकताओं में ई-ऑफिस प्रणाली का प्रभावी संचालन प्रमुखता से शामिल है। उन्होंने बताया कि इस प्रणाली के माध्यम से आमजन की शिकायतों का त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण भी सुनिश्चित किया जा सकेगा।
प्रशिक्षण में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ई-ऑफिस के माध्यम से पत्रावलियों को ऑनलाइन प्राप्त करने, उनका समयबद्ध निस्तारण करने, डिजिटल माध्यम से अग्रसारित करने तथा अन्य संबंधित प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ई-ऑफिस प्रणाली के प्रभावी संचालन एवं उसके व्यावहारिक उपयोग पर भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि ई-ऑफिस शासन की महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल है और इसके संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) मोहम्मद अवेश सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
नोट: यह समाचार जिला प्रशासन, शाहजहाँपुर द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments