Breaking News

कांवड़ यात्रा-2026 की तैयारियों की समीक्षा, जिलाधिकारी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 27 जुलाई। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुव्यवस्थित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र ने बताया कि कांवड़ यात्रा क्षेत्र को 6 जोन एवं 17 सेक्टर में विभाजित किया गया है, जहां जोनल, सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है।

जिलाधिकारी ने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग एवं विद्युत विभाग को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रा मार्ग को पूरी तरह सुरक्षित एवं सुगम बनाया जाए। उन्होंने सड़क के गड्ढों की तत्काल मरम्मत, ढीले विद्युत तारों को ठीक कराने, खुले ट्रांसफार्मरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा विद्युत पोलों पर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि श्रावण मास के दौरान शिवभक्तों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। साथ ही कांवड़ यात्रा मार्ग पर संचालित सभी मांस की दुकानों को शत-प्रतिशत बंद रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने अल्लागंज, जलालाबाद, कांट, बरेली मोड़, हथौड़ा एवं जरियनपुर में कांवड़ सेवा शिविर स्थापित करने के निर्देश दिए। इन शिविरों में स्वास्थ्य सेवाएं, श्रद्धालुओं के बैठने एवं विश्राम की व्यवस्था तथा आवश्यक कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने यात्रा मार्ग पर व्यापक साफ-सफाई, पर्याप्त पेयजल, प्रत्येक 7 से 8 किलोमीटर की दूरी पर रैन बसेरा, शौचालय, स्नानघर (बाथरूम) एवं चेंजिंग रूम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

स्वास्थ्य विभाग को आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक चिकित्सा शिविर स्थापित करने, जीवनरक्षक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा प्रमुख स्थानों पर एंबुलेंस तैनात रखने के निर्देश दिए गए ताकि आपात स्थिति में तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

खाद्य सुरक्षा विभाग को यात्रा मार्ग पर संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण करने, प्रत्येक दुकान पर नाम एवं रेट सूची प्रदर्शित कराने, दुकानदारों के पहचान पत्र धारण करने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा लोक निर्माण विभाग को यात्रा मार्ग के किनारे पेड़ों की आवश्यक छंटाई कराने तथा प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) देवेंद्र कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं संभ्रांत नागरिक उपस्थित रहे।

नोट: यह समाचार जिला प्रशासन, शाहजहाँपुर द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments