Breaking News

शाहजहाँपुर में सप्ताहांत विशेष चेकिंग अभियान, दो दिनों में 2342 वाहनों के चालान

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। शासन के निर्देशों के अनुपालन में जनपद शाहजहाँपुर में कानून-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से 05 एवं 06 जुलाई 2026 को यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से दो दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान पुलिस अधीक्षक श्री सौरभ दीक्षित के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) श्री देवेन्द्र कुमार के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी यातायात श्री शुभम वर्मा एवं यातायात निरीक्षक श्री बच्चू सिंह के नेतृत्व में संचालित किया गया।

अभियान के दौरान मदनापुर, सिंधौली, पुवायाँ एवं खुटार टोल प्लाजा सहित शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर सघन वाहन चेकिंग की गई। शनिवार और रविवार की रात्रि 8:00 बजे से 11:00 बजे तक विशेष अभियान चलाकर नशे की हालत में वाहन चलाने, प्रेशर हार्न एवं हूटर का प्रयोग करने, मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने, बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।

अभियान के दौरान हुई कार्रवाई

  • ड्रिंक एंड ड्राइव: 24 चालान
  • प्रेशर हार्न: 65 चालान
  • मॉडिफाइड साइलेंसर: 03 चालान
  • हेल्मेट न पहनने पर: 1498 चालान
  • एचएसआरपी न होने पर: 22 चालान
  • अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर: 730 चालान

कुल 2342 वाहनों का चालान मोटर वाहन अधिनियम के तहत किया गया।

शाहजहाँपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय नशे का सेवन न करें, हेल्मेट एवं अन्य सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, वाहनों पर निर्धारित मानकों के अनुरूप नंबर प्लेट एवं हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (HSRP) लगवाएँ तथा प्रेशर हार्न, हूटर एवं मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग न करें।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे और नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments