स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर स्थित इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा में स्थानीय स्तर पर तैयार किए गए आजीवन सदस्यता पहचान-पत्र वितरण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान जनपद के प्रख्यात होम्योपैथिक चिकित्सक एवं समाजसेवी डॉ. रवि मोहन तथा डॉ. संगीता मोहन ने अपने साथ परिवार के सदस्यों कार्तिक मोहन एवं वर्तिका मोहन के आजीवन सदस्यता पहचान-पत्र प्राप्त किए तथा बच्चों को भी रेड क्रॉस के मानवीय सेवा अभियान से जोड़ा।
कार्यक्रम की शुरुआत पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके उपरांत रेड क्रॉस सोसाइटी के जिला सचिव डॉ. विजय जौहरी ने अतिथियों का रेड क्रॉस मेडल एवं बैज पहनाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर डॉ. रवि मोहन ने कहा कि इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी जाति, धर्म, वर्ग और किसी भी प्रकार के भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता की निस्वार्थ सेवा करने वाला विश्व का अग्रणी संगठन है। उन्होंने जनपद के प्रतिष्ठित परिवारों से रेड क्रॉस की सदस्यता ग्रहण कर सेवा कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने का आह्वान किया।
डॉ. संगीता मोहन ने कहा कि सफेद पृष्ठभूमि पर अंकित लाल क्रॉस का प्रतीक मानवता, चिकित्सा सहायता, राहत एवं निःस्वार्थ सेवा का वैश्विक संदेश देता है। उन्होंने रेड क्रॉस के सात मूल सिद्धांत—मानवता, निष्पक्षता, तटस्थता, स्वतंत्रता, स्वैच्छिक सेवा, एकता एवं सार्वभौमिकता—को समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।
रेड क्रॉस के जिला सचिव डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि डॉ. रवि मोहन एवं डॉ. संगीता मोहन का पूरे परिवार सहित आजीवन सदस्य बनना मानव सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का प्रेरक उदाहरण है। उन्होंने बताया कि जनपद के अनेक प्रतिष्ठित परिवार पहले से ही रेड क्रॉस के आजीवन सदस्य हैं और समाज में सेवा व सहयोग की भावना को मजबूत कर रहे हैं।
डॉ. रवि मोहन एवं डॉ. संगीता मोहन ने जिलाधिकारी के नेतृत्व में जनपद की रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा सेवा, राहत एवं आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए डॉ. विजय जौहरी के समर्पित प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. विजय जौहरी ने जनपद के सभी आजीवन सदस्यों से सदस्यता रसीद, आधार कार्ड, पासपोर्ट आकार का फोटो एवं मोबाइल नंबर के साथ जिला शाखा कार्यालय पहुंचकर अपना आजीवन सदस्यता पहचान-पत्र प्राप्त करने की अपील की।
इस अवसर पर मुरारी दीक्षित, बालकृष्ण पांडेय, बृजेश गुप्ता, चन्द्रसेन वर्मा, रवि बाबू, रामकुमार सक्सेना, अशोक अग्रवाल, मुनीश कुमार वर्मा, शिवसरन सिंह, रमा देवी, शीला देवी, राजीव राठौर, इमरान खान, अवनीश सक्सेना सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में रेड क्रॉस सचिव ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मानव सेवा के कार्यों में निरंतर सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
