ब्यूरो चीफ अमित गुप्ता सीतापुर ✍️
सकरन (सीतापुर)। विकास खण्ड सकरन के ग्राम प्रधानों एवं ग्राम पंचायत कर्मचारियों ने मनरेगा लोकपाल पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी को सामूहिक ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि तैनात मनरेगा लोकपाल अरविन्द यादव ग्राम पंचायतों के विरुद्ध फर्जी शिकायतें कराते हैं। इसके बाद संबंधित ग्राम प्रधानों, ग्राम रोजगार सेवकों एवं पंचायत कर्मचारियों को सीतापुर स्थित कार्यालय बुलाकर अभिलेखों की जांच के नाम पर प्रति ग्राम पंचायत ₹50,000 की कथित मांग की जाती है।
शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि यदि धनराशि नहीं दी जाती तो लोकपाल पत्रकार अमित शुक्ला को साथ लेकर गांव पहुंचते हैं और दोबारा शिकायत कराते हैं। साथ ही, "गमन लिखकर एफआईआर दर्ज करा दूंगा" तथा "मेरी कलम से लिखा डीएम भी नहीं काट सकते" जैसी बातें कहकर डराने-धमकाने का भी आरोप लगाया गया है।
प्रधानों के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को लोकपाल निरीक्षण के लिए गांव पहुंचे थे। उनके साथ पत्रकार अमित शुक्ला भी मौजूद थे। निरीक्षण के बाद पत्रकार के मोबाइल नंबर 7607190777 से कई प्रधानों को फोन कर बुलाया गया। आरोप है कि 24 जुलाई 2026 को जिन ग्राम पंचायतों ने कथित मांग पूरी नहीं की, उनके विरुद्ध पुनः शिकायत दर्ज कराई गई।
प्रधानों का कहना है कि लोकपाल के इस कथित रवैये से पूरे विकास खण्ड में भय का माहौल है। उन्होंने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करने तथा ग्राम प्रधानों एवं पंचायत कर्मचारियों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की मांग की है।
इस शिकायत पत्र पर प्रधान संघ अध्यक्ष सुन्दर लाल तिवारी के नेतृत्व में विकास खण्ड सकरन के ग्राम प्रधान ब्रजेश सिंह, राहुल सिंह, पंकज वर्मा, ज्ञानवती, शिवरानी, लक्ष्मी देवी, नसरत जहां, नन्द किशोर, सियादुलारी, पैकरमा, रूचि वर्मा, शर्मावती, कमला देवी सहित अन्य प्रधानों एवं पंचायत कर्मचारियों ने हस्ताक्षर एवं मोहर सहित समर्थन दिया है।
नोट: यह समाचार शिकायतकर्ताओं द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए ज्ञापन में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments