ब्यूरो रिपोर्ट मो. राबी, लखनऊ ✍️
लखनऊ। आईआईएम रोड स्थित प्रेरणा स्थल के पास संचालित शराब की दुकान को हटाने की मांग को लेकर किसान यूनियन धरतीपुत्र के कार्यकर्ताओं और स्थानीय ग्रामीणों ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सड़क किनारे संचालित शराब की दुकान के कारण राहगीरों, महिलाओं, छात्राओं और स्थानीय लोगों को आए दिन असुविधा का सामना करना पड़ता है। उनका आरोप है कि दुकान पर शराब पीने वालों की भीड़ के कारण सड़क पर आवागमन बाधित होता है और क्षेत्र का माहौल भी प्रभावित होता है।
किसान यूनियन धरतीपुत्र के पदाधिकारियों ने प्रशासन से मांग की कि जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शराब की दुकान को तत्काल अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान मौके पर पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों की मांगों पर नियमानुसार विचार करने का आश्वासन दिया।
