Breaking News

फर्जी दस्तावेज तैयार कर भूमि की धोखाधड़ी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, मोहनलालगंज पुलिस की कार्रवाई

 

ब्यूरो रिपोर्ट रेहान अली, लखनऊ ✍️

लखनऊ, 26 जुलाई। थाना मोहनलालगंज पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर फर्जी व्यक्ति के रूप में भूमि का बैनामा कराने और धोखाधड़ी करने के आरोप में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, आशीष कुमार गुप्ता निवासी ग्राम सिसेंडी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम सिसेंडी स्थित विभिन्न गाटा संख्या की भूमि, जो राजस्व अभिलेखों में सुरेश कुमार के नाम दर्ज थी, उसका फर्जी आधार कार्ड एवं अन्य कूटरचित दस्तावेज तैयार कर दूसरे व्यक्तियों के पक्ष में विक्रय विलेख करा दिया गया।

शिकायत के आधार पर थाना मोहनलालगंज में मु0अ0सं0 275/2026 के तहत धारा 319(2), 318(4), 338, 336(2), 336(3) एवं 340(2) बीएनएस में मुकदमा पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान पुलिस के अनुसार यह तथ्य सामने आया कि कथित विक्रेता के नाम पर अलग-अलग आधार कार्ड एवं अन्य दस्तावेजों का इस्तेमाल किया गया था।

पुलिस ने मामले में हरीलाल (67 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी द्वारा कथित रूप से फर्जी पहचान के आधार पर बैनामा कराने में अपनी भूमिका स्वीकार किए जाने का दावा पुलिस ने किया है। मामले में अन्य आरोपियों एवं संबंधित तथ्यों की जांच जारी है।

गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक अनूप कुमार सिंह एवं हेड कांस्टेबल रविंद्र कुमार द्वारा की गई।

नोट: यह समाचार लखनऊ पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस नोट पर आधारित है। आरोपी के विरुद्ध लगाए गए आरोप एवं पूछताछ में किए गए कथन पुलिस के अनुसार हैं। मामले में अंतिम निर्णय माननीय न्यायालय द्वारा किया जाएगा तथा आरोपी को न्यायालय द्वारा दोषी सिद्ध किए जाने तक निर्दोष माना जाएगा।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments