ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️
बलरामपुर, 26 जुलाई। जनपद में संभावित बाढ़ एवं नदी कटान से बचाव के लिए जिला प्रशासन द्वारा किए जा रहे फ्लड फाइटिंग कार्यों की समीक्षा के क्रम में अपर जिलाधिकारी (वि/रा) ज्योति राय ने तहसील बलरामपुर सदर स्थित कोडरीघाट तटबंध का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कटान रोकने के लिए चल रहे कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी ने संबंधित विभाग एवं कार्यदायी संस्था के अधिकारियों से अब तक कराए गए कार्यों की जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर उपलब्ध संसाधनों का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि तटबंध की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी फ्लड फाइटिंग कार्य युद्धस्तर पर समयबद्ध ढंग से पूरे किए जाएं, ताकि संभावित कटान एवं बाढ़ से होने वाली क्षति को रोका जा सके।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि नदी के जलस्तर एवं तटबंध की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाए। जहां अतिरिक्त सुरक्षा उपायों की आवश्यकता हो, वहां तत्काल आवश्यक सामग्री एवं मानव संसाधन उपलब्ध कराकर कार्य सुनिश्चित किया जाए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता न बरती जाए और सभी व्यवस्थाएं पूरी तत्परता के साथ संचालित रहें।
अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद के सभी संवेदनशील कटान स्थलों की नियमित निगरानी की जा रही है। संबंधित विभागों की टीमें लगातार क्षेत्र में रहकर स्थिति का आकलन कर रही हैं तथा आवश्यकता के अनुसार तत्काल फ्लड फाइटिंग कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान सहायक अभियंता बाढ़ खंड अंकित वर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
नोट: यह समाचार जिला प्रशासन, बलरामपुर द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments