मोहनलालगंज पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी को किया गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजा

 

जिला संवाददाता : कल्लू उर्फ रजनीश, लखनऊ ✍️

लखनऊ। पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के दक्षिणी जोन अंतर्गत थाना मोहनलालगंज पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने शिकायत दर्ज कराई कि 04 जुलाई 2026 की रात वह अपने घर की छत पर सो रही थी। रात करीब 11:30 बजे पानी पीने के लिए नीचे आने पर गांव निवासी अजय कुमार कथित रूप से उसका मुंह दबाकर उसे पास के जंगल में ले गया और उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया।

पीड़िता की तहरीर के आधार पर थाना मोहनलालगंज में मु0अ0सं0 248/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने पीड़िता के बयान एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपों की पुष्टि होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की।

06 जुलाई 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने हरिकंशगढ़ी अंडरपास के पास से आरोपी अजय कुमार (37 वर्ष), निवासी ग्राम एवं पोस्ट गोपालखेड़ा, थाना मोहनलालगंज को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध स्वीकार करने की बात कही।

पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मामले की अग्रिम विवेचना जारी है।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक यशवंत सिंह, उपनिरीक्षक शिव कुमार एवं कांस्टेबल सोहित कुमार शामिल रहे।

Previous Post Next Post