Breaking News

आयुर्वेद के संरक्षण और जनस्वास्थ्य में भूमिका को सशक्त बनाने पर जोर, अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन की बैठक सम्पन्न

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 27 जुलाई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय स्थित इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी कार्यालय में अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन की आवश्यक बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरि के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। बैठक में संगठन के सदस्यता अभियान को गति देने तथा आयुर्वेद के संरक्षण, संवर्धन एवं जनस्वास्थ्य में उसकी भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष डॉ. विजय जौहरी ने कहा कि आयुर्वेद भारत की हजारों वर्ष पुरानी वैज्ञानिक एवं पारंपरिक चिकित्सा पद्धति है, जिसने लंबे समय तक जनस्वास्थ्य की रक्षा की है। उन्होंने बताया कि विदेशी शासनकाल के दौरान आयुर्वेद शिक्षा, चिकित्सा एवं औषध निर्माण व्यवस्था उपेक्षित होती चली गई, जिसके चलते वर्ष 1907 में आयुर्वेदाचार्यों एवं वैद्यों ने मिलकर अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन का गठन किया।

उन्होंने कहा कि महासम्मेलन ने आयुर्वेद को सरकारी मान्यता दिलाने, आयुर्वेदिक महाविद्यालयों की स्थापना, स्नातक एवं स्नातकोत्तर शिक्षा, चिकित्सकों के पंजीकरण, अनुसंधान संस्थानों की स्थापना तथा केंद्र एवं राज्यों में आयुर्वेद के लिए पृथक विभाग और वर्तमान आयुष व्यवस्था को विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने यह भी बताया कि वर्ष 1970 में भारतीय चिकित्सा केंद्रीय परिषद अधिनियम लागू होने तथा सेंट्रल काउंसिल ऑफ इंडियन मेडिसिन (CCIM) के गठन की पृष्ठभूमि तैयार करने में महासम्मेलन का उल्लेखनीय योगदान रहा।

डॉ. जौहरी ने कहा कि अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन सदैव भारत सरकार एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी स्वास्थ्य नीतियों का सहयोगी रहा है और भविष्य में भी राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, जन-जागरूकता अभियानों, रोग नियंत्रण, टीकाकरण, आपदा राहत तथा स्वास्थ्य शिविरों में आयुर्वेदिक चिकित्सक सक्रिय भूमिका निभाते रहेंगे। उन्होंने सभी चिकित्सकों से शासन-प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में विर्गो यूए पी फार्मा प्राइवेट लिमिटेड के राजीव शर्मा एवं सिंह एजेंसी के प्रोपराइटर सरदार सर्वजीत सिंह ने आयुर्वेदिक प्रचार सामग्री वितरित कर सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर डॉ. एस.पी. कौशल, डॉ. मुकेश कुमार, डॉ. हेमेंद्र वर्मा, डॉ. आर.पी. सक्सेना, डॉ. अभिनव श्रीवास्तव, डॉ. सुमन अग्रवाल, डॉ. पल्लवी सक्सेना, डॉ. रचना रस्तोगी, डॉ. सूफिया, डॉ. रजत सक्सेना, डॉ. अभिनव सक्सेना, डॉ. अतुल जौहरी, डॉ. रवि सक्सेना, डॉ. राजीव वर्मा, डॉ. मुजीब, डॉ. राजेंद्र कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में आयुर्वेदिक चिकित्सक उपस्थित रहे।

नोट: यह समाचार अखिल भारतीय आयुर्वेद महासम्मेलन, शाहजहाँपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments