Breaking News

खाद की ऑनलाइन बुकिंग में पंचायत सहायकों की मदद लेने का सुझाव, भाकियू जनमंच प्रशासन से करेगा मांग

 

ब्यूरो रिपोर्ट सुधीर सिंह कुम्भाणी, सीतापुर ✍️

सीतापुर, 26 जुलाई। भारतीय किसान यूनियन (जनमंच) की एक बैठक कैंप कार्यालय पर आयोजित की गई, जिसमें खाद की उपलब्धता और ऑनलाइन उर्वरक बुकिंग में किसानों को हो रही परेशानियों पर चर्चा की गई। बैठक में संगठन की ओर से सुझाव दिया गया कि ग्राम पंचायतों में तैनात पंचायत सहायकों को किसानों की ऑनलाइन उर्वरक बुकिंग में सहयोग करने की जिम्मेदारी दी जाए।

बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के जिलाध्यक्ष ने कहा कि ऑनलाइन उर्वरक बुकिंग का पायलट प्रोजेक्ट किसानों, विशेषकर अशिक्षित एवं आर्थिक रूप से कमजोर किसानों के लिए कठिनाइयों का कारण बन रहा है। उनका कहना था कि तकनीकी समस्याओं के चलते किसानों को विभिन्न दुकानों एवं समितियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।

जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि कुछ निजी उर्वरक विक्रेता निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर खाद बेच रहे हैं, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि खरीफ सीजन के लिए खाद की उपलब्धता होने के बावजूद वितरण व्यवस्था में सुधार की आवश्यकता है।

बैठक में निर्णय लिया गया कि इस संबंध में जल्द ही उपजिलाधिकारी बिसवां एवं लहरपुर तथा खंड विकास अधिकारियों सकरन, लहरपुर, रेउसा, बेहटा और बिसवां से मुलाकात कर पंचायत स्तर पर लेखपालों एवं पंचायत सहायकों के माध्यम से ऑनलाइन बुकिंग की व्यवस्था कराने का अनुरोध किया जाएगा।

बैठक में राम मिलन, गुड्डू, संतोष, मालती, सुमन, प्यारेलाल, भरोसे, अबरार, कमलेश, अनूप, नीरज सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

नोट: इस समाचार में व्यक्त सुझाव एवं आरोप भारतीय किसान यूनियन (जनमंच) के पदाधिकारियों के हैं। प्रशासन का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments