स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। वन महोत्सव (1 से 7 जुलाई) के चौथे दिन जनपदभर में व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण, जनजागरूकता कार्यक्रम और 'आम भंडारा' के तहत आम के पौधों का वितरण किया गया। कार्यक्रमों का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि और पौधों के संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना रहा।
प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार एवं उप प्रभागीय वनाधिकारी डॉ. सुशील कुमार के निर्देशन में सदर, तिलहर और जलालाबाद रेंज के विभिन्न क्षेत्रों में पौधारोपण अभियान चलाया गया।
सदर रेंज की नबदिया बंकी बीट में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। इस दौरान ग्रामीणों को वृक्षों के पर्यावरणीय, सामाजिक और आर्थिक महत्व की जानकारी दी गई तथा रोपे गए पौधों के संरक्षण का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम में ग्राम प्रधान रामप्रसाद, वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए।
इसी क्रम में तिलहर रेंज की ऐठापुर बीट स्थित प्राथमिक विद्यालय में ग्राम प्रधान जगपाल के नेतृत्व में पौधारोपण किया गया। वहीं जलालाबाद रेंज की मिर्जापुर बीट के ग्राम जरियनपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय में ग्राम प्रधान देवेन्द्र सिंह यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
जलालाबाद रेंज की मदनापुर बीट के ग्राम कुद्दैया में कटरा-फर्रुखाबाद मार्ग पर विशेष वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस अवसर पर ग्राम प्रधान सर्वेश कुमार एवं ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में पौधे लगाए। साथ ही आम भंडारा कार्यक्रम के अंतर्गत आम के पौधों का वितरण कर लोगों को फलदार वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल के लिए प्रेरित किया गया।
वन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान को जनसमर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि वन महोत्सव की सफलता केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रत्येक लगाए गए पौधे का संरक्षण और संवर्धन ही इस अभियान का वास्तविक उद्देश्य है। साथ ही जनपदवासियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील की गई।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments