Breaking News

शाहजहाँपुर: रिक्रूट महिला आरक्षियों को विशाखा गाइडलाइन की दी गई जानकारी, सुरक्षित कार्यस्थल पर हुआ जागरूकता कार्यक्रम

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। रिजर्व पुलिस लाइन में शुक्रवार को प्रशिक्षण प्राप्त कर रही रिक्रूट महिला आरक्षियों के लिए विशाखा गाइडलाइन एवं सुरक्षित कार्यस्थल विषय पर जागरूकता बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) की अध्यक्षता तथा क्षेत्राधिकारी जलालाबाद की उपस्थिति में संपन्न हुआ।

बैठक में महिला आरक्षियों को कार्यस्थल पर महिलाओं की गरिमा, सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने संबंधी विशाखा गाइडलाइन के प्रमुख प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि प्रत्येक महिला कर्मचारी को सुरक्षित, सम्मानजनक और भयमुक्त कार्य वातावरण प्राप्त करना उसका अधिकार है तथा किसी भी प्रकार के लैंगिक उत्पीड़न या अनुचित व्यवहार की स्थिति में निर्धारित कानूनी एवं विभागीय प्रक्रिया के तहत शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने महिला आरक्षियों को अनुशासन, शिष्टाचार, नैतिक आचरण, पारस्परिक सम्मान तथा महिला अधिकारों के संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि पुलिस सेवा केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज में महिलाओं के प्रति सुरक्षा और विश्वास का वातावरण बनाना भी पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

उन्होंने प्रशिक्षण अवधि का पूरा लाभ उठाने, शारीरिक एवं मानसिक रूप से दक्ष बनने, विधिक ज्ञान बढ़ाने तथा संवेदनशील, निष्पक्ष और जनोन्मुखी पुलिसिंग अपनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महिला सुरक्षा से जुड़े कानूनी प्रावधानों, विभागीय शिकायत निवारण व्यवस्था और आंतरिक शिकायत समिति की भूमिका की भी जानकारी दी।

इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी जलालाबाद ने भी महिला आरक्षियों को आत्मविश्वास, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और पेशेवर कार्यशैली बनाए रखने के साथ-साथ महिलाओं एवं बालिकाओं के प्रति संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार अपनाने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में सभी रिक्रूट महिला आरक्षियों ने कार्यस्थल पर गरिमामय वातावरण बनाए रखने, विभागीय नियमों का पालन करने तथा जनसेवा की भावना के साथ निष्पक्ष, संवेदनशील और उत्तरदायी पुलिसिंग करने का संकल्प लिया।

Post a Comment

0 Comments