स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश
शाहजहांपुर। श्रावण मास कांवड़ यात्रा एवं वर्षा ऋतु को दृष्टिगत रखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने गुरुवार को थाना खुदागंज का वार्षिक मानसून निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ कांवड़ यात्रा मार्ग का भ्रमण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय, सीसीटीएनएस कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, आगंतुक कक्ष, हवालात, मालखाना, शस्त्रागार, बैरक, भोजनालय तथा अभिलेखों के रखरखाव, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत एवं जल निकासी व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया गया। वर्षा ऋतु को देखते हुए थाना परिसर में जलभराव रोकने, स्वच्छता बनाए रखने तथा अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण के निर्देश दिए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने शस्त्रागार में उपलब्ध शासकीय शस्त्रों एवं कारतूसों का भौतिक सत्यापन भी किया। इस दौरान पुलिस कर्मियों से शस्त्र संचालन एवं हैंडलिंग का प्रदर्शन कराकर उनकी दक्षता का परीक्षण किया गया तथा शस्त्रों के सुरक्षित रखरखाव और आपातकालीन परिस्थितियों में उनके प्रभावी उपयोग के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
इसके बाद उन्होंने श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 के मद्देनजर थाना क्षेत्र के कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस ड्यूटी प्वाइंट, बैरिकेडिंग, संवेदनशील एवं भीड़-भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख चौराहों तथा मंदिरों के आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। यात्रा मार्ग पर नियमित गश्त, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सुचारु यातायात व्यवस्था तथा किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान सतर्कता, अनुशासन एवं संवेदनशीलता बनाए रखने, श्रद्धालुओं एवं आमजन के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने, सोशल मीडिया एवं अफवाहों पर नजर रखने तथा स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments