स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार के निर्देशन में चल रहे वन महोत्सव अभियान के पंचम दिवस पर तिलहर रेंज की खुदागंज बीट क्षेत्र में शाहपुर खितौआ से भोना तक शारदा नहर किनारे जनजागरूकता गोष्ठी एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, हरित आवरण में वृद्धि तथा आमजन को वृक्षों के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान श्रीमती रामरति देवी, वन विभाग के उपराजिक अमित शर्मा, बीट प्रभारी श्याम सिंह, विभागीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया। सभी प्रतिभागियों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वन महोत्सव केवल पौधारोपण का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी निभाने का जनआंदोलन है। यदि प्रत्येक नागरिक अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण सुनिश्चित करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ पर्यावरण, पर्याप्त जल संसाधन और समृद्ध जैव विविधता सुरक्षित की जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, पौधों की नियमित देखभाल करने तथा जल एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। वन विभाग ने जनपदवासियों से वन महोत्सव के दौरान बढ़-चढ़कर वृक्षारोपण करने और हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में वन विभाग एवं स्थानीय ग्रामवासियों का सराहनीय सहयोग रहा।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments