ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा, बलरामपुर ✍️
बलरामपुर, 25 जुलाई। किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण उर्वरक उपलब्ध कराने तथा उर्वरक वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विपिन कुमार जैन के निर्देश पर जिला कृषि अधिकारी उपेन्द्र नाथ खरवार एवं वरिष्ठ प्राविधिक सहायक (ग्रुप-ए, कृषि) राकेश चन्द्र पाण्डेय ने विकास खंड बलरामपुर के जुआथान क्षेत्र स्थित उर्वरक विक्रय प्रतिष्ठानों का संयुक्त औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में अनियमितताएं मिलने पर एक विक्रेता का लाइसेंस निरस्त कर दिया गया, जबकि दूसरे को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।
निरीक्षण के दौरान मैसर्स जायसवाल ट्रेडर्स, जुआथान पर किसानों से जानकारी ली गई। किसानों ने शिकायत की कि यूरिया निर्धारित मूल्य से अधिक ₹400 से ₹450 प्रति बोरी में बेची जा रही है तथा जिंक सल्फेट खरीदने के लिए भी दबाव बनाया जा रहा है। जांच में पीओएस मशीन के स्टॉक और वास्तविक स्टॉक के मिलान में 90 बोरी यूरिया कम पाई गई तथा स्टॉक पंजिका में भी गंभीर विसंगतियां मिलीं।
जांच के दौरान विक्रेता ने बताया कि पीओएस मशीन संचालित न होने के कारण बिना पीओएस प्रविष्टि के उर्वरक वितरित किया गया और किसानों के आधार कार्ड एवं खतौनी अपने पास रख लिए गए। शासन के निर्देशों के विपरीत कार्य करने, निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री, स्टॉक में गड़बड़ी तथा वितरण प्रक्रिया में अनियमितता पाए जाने पर संबंधित विक्रेता का उर्वरक विक्रय अधिकार पत्र तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया।
इसके अलावा मैसर्स रवीन्द्र कुमार, जुआथान के प्रतिष्ठान का निरीक्षण किया गया। यहां रेट बोर्ड एवं स्टॉक बोर्ड प्रदर्शित नहीं मिले। हालांकि पीओएस मशीन के अनुसार स्टॉक सही पाया गया, लेकिन स्टॉक पंजिका एवं वितरण पंजिका अपूर्ण होने पर संबंधित विक्रेता को कारण बताओ नोटिस जारी कर निर्धारित समय में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जिला कृषि अधिकारी ने कहा कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर उर्वरक बिक्री, टैगिंग, स्टॉक में हेराफेरी अथवा पीओएस प्रणाली का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने बताया कि जनपद में वर्तमान समय में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। 24 जुलाई 2026 को जनपद में 917.405 मीट्रिक टन (20,385 बोरी) यूरिया तथा 217.785 मीट्रिक टन (4,356 बोरी) फास्फेटिक उर्वरक का सफल वितरण किया गया।
जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे केवल निर्धारित मूल्य पर ही उर्वरक खरीदें, खरीद की रसीद अवश्य लें तथा यदि कोई विक्रेता अधिक मूल्य वसूलता है, अनावश्यक उत्पाद खरीदने के लिए बाध्य करता है या किसी अन्य प्रकार की अनियमितता करता है, तो इसकी सूचना तत्काल कृषि विभाग अथवा जिला प्रशासन को दें।
नोट: यह समाचार कृषि विभाग, बलरामपुर द्वारा उपलब्ध कराई गई आधिकारिक जानकारी पर आधारित है।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments