Breaking News

इसी सप्ताह लाइव होगा प्रवेश पोर्टल, विद्यार्थी समर्थ पोर्टल से कर सकेंगे ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन : कुलपति

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। स्वामी शुकदेवानंद विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 की प्रवेश प्रक्रिया को लेकर कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह की अध्यक्षता में सभी विभागाध्यक्षों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुलसचिव वीरेंद्र कुमार मौर्य सहित विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी एवं विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

बैठक में प्रवेश समिति के समन्वयक प्रो. आदित्य कुमार सिंह ने बताया कि प्रवेश प्रक्रिया की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं और इसी सप्ताह विश्वविद्यालय का ‘समर्थ’ प्रवेश पोर्टल लाइव कर दिया जाएगा।

कुलसचिव वीरेंद्र कुमार मौर्य ने प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि पोर्टल शुरू होते ही विद्यार्थी विश्वविद्यालय परिसर या संबद्ध महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे।

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को ₹200 शुल्क जमा कर समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करना होगा। आवेदन के दौरान विद्यार्थी अपनी मूल जानकारी भरने के साथ विश्वविद्यालय परिसर सहित अधिकतम पाँच शिक्षण संस्थानों का विकल्प चुन सकेंगे। पंजीकरण के बाद आवेदन पत्र की प्रति सभी चयनित संस्थानों में जमा करनी होगी।

इसके बाद मेरिट सूची जारी की जाएगी। मेरिट में चयनित विद्यार्थी निर्धारित शुल्क जमा कर अपनी सीट लॉक करेंगे तथा आवश्यक शैक्षणिक अभिलेखों की प्रतियां संबंधित संस्थान में जमा करनी होंगी।

बैठक में सूचना पुस्तिका (Information Brochure), विभिन्न पाठ्यक्रमों में उपलब्ध सीटों, संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित पाठ्यक्रमों तथा प्रवेश नियमावली सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

कुलपति प्रो. पुष्पेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को सरल, पारदर्शी एवं तकनीक आधारित प्रवेश प्रक्रिया उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को प्रवेश प्रक्रिया को समयबद्ध, सुचारु एवं विद्यार्थी हितैषी बनाने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रो. अनुराग अग्रवाल, प्रो. आलोक मिश्र, प्रो. मधुकर श्याम शुक्ल, प्रो. मीना शर्मा, प्रो. पूनम, प्रो. देवेंद्र सिंह, डॉ. जयशंकर ओझा, प्रो. अजीत सिंह चारग, प्रो. शालीन कुमार सिंह, डॉ. आलोक कुमार सिंह एवं डॉ. शिशिर शुक्ला सहित अन्य विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments