स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को तहसील जलालाबाद में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनका समयबद्ध, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि संपूर्ण समाधान दिवस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराना है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
समाधान दिवस में कुल 80 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 03 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 77 शिकायतों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेजते हुए उनके शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने विशेष रूप से राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, सिंचाई, ग्रामीण विकास एवं नगर निकाय विभाग के अधिकारियों को आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण कर तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें ताकि शिकायतकर्ताओं को त्वरित और प्रभावी समाधान मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों से शासन की मंशा के अनुरूप जनसुनवाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा पूरी जिम्मेदारी एवं संवेदनशीलता के साथ जनता की समस्याओं का समाधान करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार मिश्रा, उपजिलाधिकारी प्रभात कुमार राय, पीडी डीआरडीए अवधेश राम, जिला विकास अधिकारी ऋषि पाल सिंह, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments