स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर। खाद्य प्रसंस्करण विभाग के अंतर्गत संचालित राजकीय सामुदायिक फल संरक्षण एवं प्रशिक्षण केन्द्र, तारीन टिकली, शाहजहाँपुर द्वारा अनुसूचित जाति के महिला एवं पुरुषों को स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से 100 दिवसीय उद्यमिता विकास खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षण (एससीपी योजना) आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण में प्रवेश के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता हाईस्कूल तथा आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। प्रशिक्षण शुल्क 300 रुपये रखा गया है तथा प्रवेश "पहले आओ, पहले पाओ" के आधार पर दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को अचार, पापड़, बड़ी, चिप्स, मुरब्बा सहित विभिन्न खाद्य उत्पादों के निर्माण का व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा मिनी फ्लोर मिल, मिनी राइस मिल, ऑयल एक्सपेलर, बेकरी, नमकीन, दलिया, पेठा, दुग्ध उत्पाद (दही, पनीर, घी), अदरक-लहसुन पेस्ट, गुड़ उत्पाद, मसाला, केचप एवं ओट्स निर्माण जैसे लघु उद्योग स्थापित करने की पूरी जानकारी भी प्रदान की जाएगी।
विभाग की ओर से उद्योग स्थापित करने वाले प्रशिक्षणार्थियों को 50 प्रतिशत तक अनुदान तथा बड़े उद्योगों के लिए 35 प्रतिशत अनुदान (अधिकतम 10 लाख रुपये तक) उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही इच्छुक अभ्यर्थियों की परियोजना रिपोर्ट तैयार कराकर बैंक ऋण दिलाने में भी सहायता की जाएगी।
प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने वाले अभ्यर्थियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा, जिससे वे स्वरोजगार स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगे।

0 Comments