सहयोग' संस्था के हरित अभियान की सीडीओ ने की सराहना, 251 पौधे लगाकर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन का स्वरूप देने के उद्देश्य से समाजसेवी संस्था 'सहयोग' द्वारा मंगलवार को सिंधौली ब्लॉक की ग्राम पंचायत मुड़िया पवार में वृहद पौधरोपण अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) उत्कर्ष द्विवेदी अपनी पत्नी सुनाली द्विवेदी के साथ शामिल हुए। उन्होंने संस्था के पदाधिकारियों, ग्रामीणों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर 251 पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पौधरोपण से हुआ। इस अवसर पर सीडीओ उत्कर्ष द्विवेदी ने कहा कि पौधरोपण केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ पर्यावरण और सुरक्षित भविष्य देने का संकल्प है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।

सीडीओ ने 'सहयोग' संस्था की कार्यशैली की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए कहा कि संस्था समाजसेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जनभागीदारी के माध्यम से अनुकरणीय कार्य कर रही है। ऐसे प्रयास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ लोगों को प्रकृति के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करते हैं।

इस अवसर पर उपजिलाधिकारी पुवायां सदानंद सरोज ने भी संस्था के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि 'सहयोग' समाजहित के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रही है और पर्यावरण संरक्षण की यह पहल जनपद के लिए प्रेरणादायक है।

संस्था के संरक्षक एवं पूर्व वायुसेना कप्तान प्रमोद कुमार गुप्ता ने मुख्य अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि संस्था समाजसेवा के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी अपना प्रमुख दायित्व मानती है और भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने पौधों की सुरक्षा, नियमित देखभाल एवं पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।

इस अवसर पर संस्था के संस्थापक अनिल गुप्ता (प्रधान), शाहनवाज खां एडवोकेट, राजू बग्गा, पी.पी. सिंह, राजेश गुप्ता, गौरव गुप्ता, गिरीश गुप्ता, हरजीत सिंह, रजविंदर सिंह 'राजा', अंकुश गुप्ता, विकास सक्सेना, स्तुति गुप्ता, रजनी गुप्ता, सुमन गुप्ता, संगीता गुप्ता, ममता यादव, नुज़हत अंजुम, पुनीत मनीषी, तराना ज़माल, नवनीत गुप्ता, महेंद्र कुमार दुबे, जितेंद्र सिंह, ज़माल सर सहित संस्था के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम का समापन हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Previous Post Next Post