कांवड़ यात्रा को लेकर सिंधौली में पुलिस सतर्क, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने पैदल गश्त कर परखी सुरक्षा व्यवस्था

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने मंगलवार को थाना सिंधौली क्षेत्र का भ्रमण कर सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था का जायजा लिया।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने प्रभारी निरीक्षक सिंधौली एवं थाना पुलिस बल के साथ प्रमुख कांवड़ यात्रा मार्गों, मंदिरों एवं संवेदनशील स्थलों पर पैदल गश्त की। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए किए गए सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही कांवड़ यात्रियों के साथ सौहार्दपूर्ण एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने थाना पुलिस को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क नजर रखने तथा शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और कांवड़ यात्रा सकुशल संपन्न हो सके।

Previous Post Next Post